HP WEATHER : तीन जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट, इस दिन तक खराब रहेगा मौसम
प्रदेश में आज पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से 11 जून तक मौसम खराब
कार्यालय संवाददाता-शिमला
हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभग की सक्रीयता से राज्य में आगामी दिनों में भी मौसम का बदला हुआ मिजाज जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार छह जून को चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों में आंधी, तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी बादल छाए रहने और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
शुक्रवार को राजधानी शिमला समेत प्रदेश के अधिकांश भागों में दिनभर बादल छाए रहे। मनाली में हल्की बूंदाबांदी, लाहुल की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात और कल्पा में बारिश दर्ज की गई। मौसम के असर से कई शहरों के अधिकतम तापमान में सामान्य से तीन से सात डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में अगले छह दिन तक मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना नहीं है। सात और आठ जून को पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ सकता है, लेकिन अलग-अलग क्षेत्रों में हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है। 11 जून को एक नया और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे प्रदेश के अधिकांश भागों में व्यापक बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। प्रदेश में बीते एक सप्ताह के दौरान सामान्य से छह प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। लगातार हो रही बारिश से पहाड़ों का मौसम सुहावना बना हुआ है
एक सप्ताह में छह प्रतिशत अधिक हुई बारिश
प्रदेश में बीते एक सप्ताह के दौरान सामान्य से छह प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। बारिश से पहाड़ों का मौसम सुहावना बना हुआ है और पर्यटन स्थलों पर पहुंचे पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी भीषण गर्मी से राहत मिली है। प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान की बात की जाए, तो शुक्रवार को ऊना में अधिकतम तापमान 39.0, बिलासपुर 37.5, मंडी 34.6, कांगड़ा 34.5, सुंदरनगर 34.4, धर्मशाला 33.0, नाहन 32.0, भुंतर 30.2, सोलन 29.0, शिमला 22.6, मनाली 21.8 व कल्पा 17.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
