चिट्टे का मुख्य सप्लायर चंडीगढ़ से गिरफ्तार, शिमला पुलिस ने अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क पर कसा शिकंजा
अब तक चार आरोपी गिरफ्तार
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चिट्टा तस्करी के एक मामले में सफलता हासिल की गई है। पुलिस ने मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए ड्रग सप्लाई नेटवर्क से जुड़े एक और मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढक़र चार हो गई है। पुलिस के अनुसार, पुलिस थाना ढली में 13 मई, 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत दर्ज अभियोग संख्या 36/2026 में स्पेशल सैल शिमला की टीम ने भट्टाकुफ्फर क्षेत्र में एक वाहन से करीब 11 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया था। इस मामले में शिमला निवासी निखिल ठाकुर और सुलभ थापा को मौके पर गिरफ्तार किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने मामले की कडिय़ों को जोड़ते हुए ड्रग सप्लाई चेन के पीछे काम करने वाले लोगों तक पहुंच बनाई। तकनीकी विश्लेषण और वित्तीय लेन-देन की जांच के आधार पर पुलिस ने चंडीगढ़ निवासी आकाश को भी गिरफ्तार किया था। जांच में आकाश और निखिल ठाकुर के बीच पैसों के लेन-देन के प्रमाण मिले थे, जिससे नशा तस्करी नेटवर्क के बारे में महत्त्वपूर्ण जानकारी सामने आई। मामले की गहन जांच जारी रखते हुए पुलिस ने अब चंडीगढ़ के फेन-1 राम दरबार इंडस्ट्रियल एरिया निवासी 28 वर्षीय बॉबी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बॉबी इस नेटवर्क का एक महत्त्वपूर्ण सप्लायर था।
नशे के खिलाफ अभियान जारी
एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि नशा तस्करों और अंतरराज्यीय ड्रग सप्लाई नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस इस मामले में आगे भी जांच कर रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस रिमांड पर भेजा आरोपी
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और विस्तृत जांच के आधार पर उसे चार जून 2026 को गिरफ्तार किया। अन्वेषण के दौरान बॉबी और पहले से गिरफ्तार आरोपी निखिल ठाकुर के बीच नशा तस्करी तथा वित्तीय लेन-देन से जुड़े साक्ष्य भी मिले हैं, जिससे उसकी मादक पदार्थों की आपूर्ति में संलिप्तता की पुष्टि हुई है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
