वर्तमान के साथ भविष्य भी स्वाह कर दूंगा, योगी की दंगाइयों और उपद्रवियों को सख्त चेतावनी

By: Jun 6th, 2026 2:25 pm

एजेंसियां—गोंडा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में अब वह दौर नहीं रहा जब दंगाइयों और उपद्रवियों के सामने सरकारें नतमस्तक हो जाती थीं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति किसी पर्व, उत्सव या धार्मिक आयोजन में बाधा डालने का प्रयास करेगा तो उसका वर्तमान के साथ भविष्य भी स्वाहा हो जाएगा। मुख्यमंत्री शनिवार को गोंडा जिले के कटरा और करनैलगंज विधानसभा क्षेत्रों में कुल 516 करोड़ रुपये की 262 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कटरा विधानसभा क्षेत्र में 256 करोड़ रुपये तथा करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र में 260 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों का अन्नप्राशन कराया तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन भी किया।

मुख्यमंत्री ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब रामभक्तों को ही अयोध्या जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन आज स्थिति बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि पहले रामभक्त अपने प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए अयोध्या नहीं जा पाते थे। आज राम मंदिर का भव्य निर्माण हो चुका है और अब अयोध्या में रामभक्त ही जा सकते हैं, रामद्रोही नहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोंडा के युवा ऊर्जावान, किसान मेहनती तथा महिलाएं प्रतिभाशाली हैं, लेकिन लंबे समय तक तुष्टिकरण, जातिवाद, भाई-भतीजावाद और अराजकता की राजनीति के कारण जनपद अपेक्षित विकास से वंचित रहा। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश के सभी 75 जिलों, तहसीलों, विकास खंडों और ग्राम पंचायतों तक बिना भेदभाव के सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

सरकार सबका साथ, सबका विकास की भावना के साथ कार्य कर रही है। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के समर्थन से प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, कृषि कॉलेज, सडक़, पुल और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार इसी जनसमर्थन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जब आपने कमल का बटन दबाया तो मां लक्ष्मी का आशीर्वाद मिला। इसी कारण उत्तर प्रदेश में विकास और निवेश की धनवर्षा हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब निवेश केवल नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ तक सीमित नहीं है, बल्कि गोंडा जैसे जिलों में भी उद्योग और निवेश पहुंच रहा है, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल रहा है। उन्होंने यूपी पुलिस भर्ती सहित विभिन्न सरकारी नौकरियों में गोंडा और आसपास के जिलों के युवाओं को अवसर मिलने का उल्लेख किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App