नई दिल्ली से चुनाव लड़तीं तो 10 लाख वोट मिलते, जॉर्जिया मेलोनी ने शेयर किया भारत दौरे का किस्सा
एजेंसियां — रोम
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने साल 2023 में अपने भारत दौरे को लेकर एक किताब में दिलचस्प जानकारी शेयर की है। किताब का नाम ‘जॉर्जियाज विजन’ है, जो कि पत्रकार एलेसेंड्रो सालुस्ती के साथ बातचीत पर आधारित है। मेलोनी किताब में लिखती हैं कि 2023 में जब वे नई दिल्ली में थीं, तो सडक़ों पर कुछ-कुछ फुट की दूरी पर कई ऐसे पोस्टर लगे थे, जिनमें वह मुस्कराती नजर आ रही थीं। इसके साथ ही इन पोस्टर में ‘वेलकम’ भी लिखा था। वहीं जब दौरा खत्म कर वापस लौट रही थी, तो तस्वीर वहीं थी, लेकिन अब उसमें ‘दौरे के लिए धन्यवाद’ लिखा था।
मेलोनी किताब में लिखती हैं कि ‘इस दौरान दौरे पर साथ आए उप-प्रधानमंत्री एंटोनियो तायानी ने मजाक में कहा था कि इन पोस्टरों को देखकर लगता है अगर आप नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ती हैं, तो 10 लाख वोट मिल जाएंगे।’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अच्छे रिश्ते साझा करने वाली जॉर्जिया ने किताब के एक चैप्टर में कूटनीति को लेकर भी अपने विचार शेयर किए हैं। उन्होंने कहा है कि सफल कूटनीतिक के लिए औपचारिकता से हटकर अलग-अलग तरीकों का भी इस्तेमाल करना पड़ता है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
