जागरनाला में पकड़ा अवैध शराब का जखीरा

By: Jun 5th, 2026 12:51 am

101 पेटी देशी दारू के साथ दो युवक गिरफ्तार, सुंदरनगर से कुल्लू ले जाई जा रही थी खेप
स्टाफ रिपोर्टर- मंडी
मंडी पुलिस ने जागर नाला क्षेत्र में नाकाबंदी क र कार्रवाई करते हुए एक महिंद्रा बोलेरो मैक्स पिकअप से 101 पेटी देसी शराब बरामद की है। यह अवैध शराब सुंदरनगर से कुल्लू जा रही थी। ऐसे में पुलिस ने मौके से दो युवकों को हिरासत में लेकर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार एसआई अशोक पठानिया अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान सुबह करीब 7:15 बजे सूचना मिली कि एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप (एचपी66बी-2278) मंडी से कुल्लू की ओर भारी मात्रा में शराब लेकर जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जागर नाला में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। करीब 7:40 बजे संदिग्ध पिकअप मंडी की ओर से आती दिखाई दी। पुलिस नाका देखकर चालक ने वाहन को अचानक जागर गांव की ओर जाने वाली सडक़ पर मोड़ दिया।

पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा कर फोरलेन से लगभग 50 मीटर आगे उसे रोक लिया। वाहन की जांच के दौरान चालक ने अपना नाम लतेश पुत्र नरेंद्र कुमार तथा साथ बैठे युवक ने नितिश कुमार पुत्र नरेंद्र कुमार, दोनों निवासी गांव रड़ा, डाकघर मैरामसीत, तहसील सुंदरनगर, जिला मंडी बताया। पूछताछ के दौरान दोनों वाहन में लदे सामान के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। सभी पेटियों को नीचे उतारकर गिनती की गई तो कुल 101 पेटियां बरामद हुईं। जांच में प्रत्येक पेटी में 12-12 बोतल देसी शराब ब्रांड वीआरवी संतरा पाई गई। इनमें 61 पेटियों पर बैच नंबर 153 तथा 40 पेटियों पर बैच नंबर 154 अंकित था। एसपी मंडी विनोद कुमार ने खबर की पुष्टि की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App