हर जिला में कैबिनेट मंत्री दिलाएंगे प्रधानों को शपथ, मंत्रियों का ड्यूटी चार्ज कैबिनेट की बैठक में होगा फाइनल
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला
हिमाचल की पंचायत में चुने गए प्रधानों और उपप्रधानों के लिए शपथ ग्रहण का शेड्यूल तय हो गया है। राज्य सरकार ने यह निर्णय किया है कि प्रधानों और उपप्रधानों की शपथ 15 जून को होगी और इसके लिए जिलावार शपथ ग्रहण कार्यक्रम होंगे। हर जिला में एक कैबिनेट मंत्री शपथ दिलाने के लिए जाएगा। कैबिनेट मंत्रियों का ड्यूटी चार्ट छह जून को होने वाली कैबिनेट की बैठक में तय हो जाएगा। इसके बाद, पंचायत के वार्ड मेंबर्स की शपथ 27 जून को होगी। राज्य सरकार ने नई चुनी गई पंचायतों में पहली बैठक 27 जून को तय की है। वार्ड मेंबर की शपथ को पंचायत प्रधान ही पूरा करवाएंगे।
हालांकि इससे पहले यह परंपरा थी कि या तो डिवीजन के स्तर पर तीन जगह कांगड़ा, शिमला और मंडी में शपथ होती थी या फिर शिमला बुलाकर प्रधानों को शपथ दिलाई जाती थी। ऐसा इस बार नहीं हो रहा है। इससे पहले जिला परिषद और पंचायत समिति में चुने गए सदस्यों के लिए शपथ ग्रहण की प्रक्रिया अभी चल रही है। शिमला में छह जून को जिला परिषद की शपथ होगी, जबकि कांगड़ा और लाहुल-स्पीति में आठ जून को यह शपथ हो रही है। जिला पार्षदों को शपथ डीसी दिलाएंगे, जबकि संबंधित एसडीएम अपनी-अपनी बीडीसी में नए सदस्यों को शपथ दिलाएंगे। जिला परिषद और बीडीसी में आठ जून से पहले शपथ दिलाना जरूरी है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
