नाहन में ‘हम शपथ लेते हैं कि ’….
273 पंचायतों के प्रतिनिधियों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ, मंत्री हर्षवर्धन चौहान रहे कार्यक्रम में चीफ गेस्ट
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने सोमवार को जिला सिरमौर के नाहन चौगान में नवनिर्वाचित पंचायत प्रधान व उप-प्रधानों के शपथ ग्रहण समारोह की अध्यक्षता करते हुए जिला के समस्त 273 प्रधान और 273 उप-प्रधानों को विधिवत रूप से पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाकर पंचायती राज संस्थाओं में उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर उन्होंने नवनिर्वाचित प्रधानों और उपप्रधानों को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायती राज संस्थाएं प्राथमिक प्रजातंत्र की मूल इकाइयां हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगिण विकास के लिए इन संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों का महत्त्वपूर्ण योगदान रहता है। जनता अपने प्रतिनिधि को बहुत विश्वास और अकांक्षाओं से चुनती है इसलिए सभी चुने हुए प्रतिनिधि बिना पक्षपात के पूर्ण ईमानदारी, कर्मठता व पारदर्शिता से कार्य करने का संकल्प लें।
उन्होंने कहा कि आज ग्रामीण विकास की अधिकतर योजनाएं पंचायतों के माध्यम से कार्यान्वित की जा रही हैं और इन योजनाओं के तहत करोड़ों रुपए की धनराशि पंचायतों को प्रदान की जा रही है। उद्योग मंत्री ने सभी पंचायत प्रधानों व उप-प्रधानों से आह्वान करते हुए कहा कि आप अपनी प्राथमिकता में पेयजल, स्वच्छता, नशा निवारण, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, स्वरोजगार, पंचायत की आय वृद्धि इत्यादि विषयों को शामिल करें और इन्हें पूर्ण करने के लिए राज्य सरकार, पंचायत समिति और जिला परिषद से समन्वय स्थापित करें। समारोह के दौरान विधायक नाहन अजय सोलंकी ने नवनिर्वाचित प्रधानों तथा उप-प्रधानों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों और नीतियों को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने में पंचायत प्रतिनिधियों का अहम योगदान रहता है। इसलिए बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचने तथा पंचायत के विकास के लिए कार्य करें। इस अवसर पर पूर्व विधायक नाहन अजय बहादुर, पूर्व विधायक पांवटा साहिब किरनेश जंग, कार्यकारी उपायुक्त सिरमौर एलआर वर्मा, पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष आनंद परमार, एचपीएमसी अध्यक्ष सीता राम शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रेणुकाजी तपेंद्र सिंह जेलदार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
