अंबोटा में सहपाठी को बाजार में निर्वस्त्र कर डंडों से पीटा, वारदात का वीडियो एसपी ऊना तक पहुंचा, जांच शुरू

By: Jun 26th, 2026 12:01 am

स्टाफ रिपोर्टर — गगरेट

राजकीय बहुतकनीकी संस्थान अंबोटा में पढ़ रहे एक छात्र के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार और मारपीट का मामला सामने आया है। सहपाठी छात्रों के बीच हुई कहासुनी के बाद एक छात्र ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर दूसरे छात्र को बीच बाजार में निर्वस्त्र कर डंडों से पीट दिया। घटना का वीडियो पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हीरेमठ तक पहुंचने के बाद उन्होंने कड़ा संज्ञान लेते हुए गगरेट पुलिस को जांच के निर्देश दिए हैं। जानकारी के अनुसार राजकीय बहुतकनीकी संस्थान अंबोटा में अध्ययनरत छात्रों के बीच कुछ दिन पूर्व किसी बात को लेकर विवाद और कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि इसी विवाद के चलते बुधवार को आरोपी छात्र अपने कुछ साथियों के साथ कालेज के पास पहुंचा। सभी युवक डंडों से लैस थे। पहले यहां उन्होंने एक छात्र की पिटाई की और इसके बाद उस पीजी आवास की ओर चले गए, जहां उनका मुख्य शिकार छात्र रह रहा था। सूत्रों के अनुसार जिस छात्र की तलाश की जा रही थी, वह उस समय अपने पीजी के समीप स्थित एक दुकान पर सामान लेने गया हुआ था। पीजी में छात्र के नहीं मिलने पर आरोपित युवक दुकान पर पहुंच गए। वहां उन्होंने छात्र को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपितों ने छात्र को निर्वस्त्र कर दिया और उसके ऊपर डंडे बरसाए। घटना से आसपास मौजूद लोग भी स्तब्ध रह गए। बताया जा रहा है कि मारपीट का शिकार हुआ छात्र घटना के बाद इतना भयभीत हो गया कि उसने पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं करवाई। हालांकि किसी व्यक्ति द्वारा घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया के माध्यम से आगे भेज दिया गया, जो अंतत: पुलिस अधीक्षक सचिन हीरेमठ तक पहुंच गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल रिपोर्ट तलब की है। इसके बाद गगरेट पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुट गई है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी रोष है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा शैक्षणिक संस्थानों के आसपास असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है। उधर, डीएसपी गगरेट अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की जांच की जा रही है। वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App