आर्थिक साझेदारी मजबूत करेंगे भारत-वेनेजुएला, PM मोदी से मिलीं डेल्सी, ऊर्जा सुरक्षा-तेल कारोबार पर चर्चा
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
भारत दौरे पर आईं वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच भारत और वेनेजुएला के द्विपक्षीय संबंधों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। विदेश मंत्रालय के अनुसार, बैठक का फोकस ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक सहयोग को मजबूत करना रहा है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी और डेल्सी रोड्रिगेज ने ऊर्जा, व्यापार, निवेश, स्वास्थ्य सेवा और ऑटोमोबाइल जैसे कई महत्त्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के नए अवसरों पर बातचीत की है। दोनों पक्षों ने भविष्य में साझेदारी को और मजबूत बनाने की संभावनाओं पर भी चर्चा की है।
हालांकि, मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि इस दौरे के दौरान किसी बड़ी या महत्त्वपूर्ण व्यावसायिक डील की घोषणा नहीं की जाएगी। वेनेजुएला से तेल आयात को लेकर पूछे गए सवाल पर विदेश मंत्रालय ने भारत का रुख भी साफ किया। मंत्रालय ने कहा कि भारत की नीति हमेशा से स्पष्ट रही है कि जहां कच्चा तेल सस्ता और देश के हित में उपलब्ध होगा, भारत वहां से तेल खरीदेगा। भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों को ध्यान में रखते हुए व्यावहारिक फैसले लेता है। बैठक के दौरान पारंपरिक क्षेत्रों के अलावा क्रिटिकल मिनरल्स यानी महत्त्वपूर्ण खनिजों और खनन क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
