आयरलैंड में भारत का सरेंडर, अभिषेक की मेहनत पर फिरा पानी, पहले टी-20 में 34 रन से मिली मात

By: Jun 26th, 2026 10:19 pm

एजेंसियां— बेलफास्ट

मौजूदा टी-20 वल्र्ड चैंपियन भारत को दुनिया में 12वें नंबर की टीम आयरलैंड ने हरा दिया है। बेलफास्ट में शुक्रवार को हुए दो मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में भारत पर 34 रन से जीत हासिल की। मार्च में टी-20 वल्र्ड कप जीतने के बाद भारतीय टीम इस फॉर्मेट में अपना पहला मैच खेल रही थी। यह आयरलैंड के खिलाफ भारत की अब तक की पहली हार भी है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड ने 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 182 रन बनाए। लॉर्कन टकर ने 50 रन की पारी खेली। जवाब में भारतीय टीम 18.5 ओवर में 148 रन ही बना सकी। ओपनर अभिषेक शर्मा ने सबसे ज्यादा 20 गेंदों पर 50 रन बनाए। भारत के सात बल्लेबाज दहाई अंक में भी नहीं पहुंच सके।

युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को इस मैच में डेब्यू करने का मौका नहीं मिला। भारत के लिए संजू सैमसन (5 रन), ईशान किशन (1 रन) और नए टी-20 कप्तान श्रेयस अय्यर (3 रन) कुछ खास नहीं कर पाए, लेकिन अभिषेक शर्मा ने पावरप्ले में खूब रन बटोरे। पावरप्ले में भारत ने 68 रन बनाए, जिसमें 47 रन तो अभिषेक शर्मा के बल्ले से आए। अभिषेक शर्मा ने 19 गेंदों पर फिफ्टी पूरी। हालांकि वह उसके बाद तुरंत आउट हो गए। अभिषेक ने सात चौके और दो छक्के की मदद से 20 गेंदों पर 50 रन की पारी खेली।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App