दुगरी में सवा करोड़ की लागत से सिंचाई ट्यूबवेल परियोजना शुरू

By: Jun 27th, 2026 12:01 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नालागढ़
नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के रत्योड़ पंचायत के दुगरी गांव में सिंचाई सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए विधायक हरदीप सिंह बावा ने शुक्रवार को लगभग सवा करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले सिंचाई ट्यूबवेल परियोजना का भूमि पूजन कर कार्य का शुभारंभ किया। भूमि पूजन के साथ ही बोरिंग मशीन लगाकर निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया। परियोजना के आगामी कुछ दिनों में पूर्ण होने की उम्मीद है। विधायक हरदीप बावा ने कहा कि इस ट्यूबवैल के शुरू होने से दुगरी क्षेत्र की करीब 300 बीघा कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इससे किसानों को पारंपरिक खेती के साथ.साथ नकदी फसलों की खेती करने का अवसर मिलेगा और उनकी आय में भी बढ़ोतरी होगी। उन्होंने बताया कि नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र की 10 अन्य पंचायतों में भी इसी प्रकार के सिंचाई ट्यूबवैल स्थापित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिल सके।

उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पेयजल और सिंचाई जल की समस्या है, वहां प्राथमिकता के आधार पर नई योजनाएं शुरू की जा रही हैं। प्रदेश सरकार के सहयोग से नालागढ़ में विकास कार्यों को गति दी जा रही है और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। इससे पहले गांव पहुंचने पर स्थानीय ग्रामीणों ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया। ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास संबंधी मांगों से उन्हें अवगत कराया, जिस पर विधायक ने प्राथमिकता के आधार पर समाधान का आश्वासन दिया। इस अवसर पर रत्योड़ पंचायत की प्रधान कमलेश कुमारी, उपप्रधान मोहन सिंह,, वार्ड सदस्य करनैल सिंह, बुध राम, सोनी धीमान, परविंदर सिंह, पवन कुमार बिला, नाजिर सैहन, चमन सिंह, मोहिंदर पाल सिंह, सहायक अभियंता जसविंदर सिंह, कनिष्ठ अभियंता सुमित कुमार, दविंदर सिंह हैप्पी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App