GMCH-32 में जूनियर डॉक्टर ने की आत्महत्या, अस्पताल परिसर में मचा हड़कंप
मुकेश संगर – चंडीगढ़
सेक्टर-32 स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच) में मंगलवार को एक जूनियर डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, डॉक्टर ने कथित तौर पर आत्महत्या की है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मृतक की पहचान 24 वर्षीय डॉ. योगेश के रूप में हुई है, जो जनरल मेडिसिन विभाग में पीजी जूनियर रेजिडेंट (जेआर) के तौर पर कार्यरत थे।
जानकारी के अनुसार, उन्होंने अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर स्थित शौचालय में खुद को इंजेक्शन लगाया। कुछ समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि डॉक्टर ने कथित तौर पर पोटैशियम क्लोराइड के चार इंजेक्शन लगाए थे। हालांकि पुलिस और अस्पताल प्रशासन ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही चल सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। साथ ही अस्पताल के कर्मचारियों और डॉक्टरों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आत्महत्या के पीछे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
