पालकी में सवार होकर नगर भ्रमण पर निकलीं मां शूलिनी, राष्ट्र स्तरीय मां शूलिनी मेला शुरू, स्वास्थ्य मंत्री ने किया शुभारंभ
तीन दिवसीय राष्ट्र स्तरीय मां शूलिनी मेला शुरू, स्वास्थ्य मंत्री ने किया शुभारंभ
स्टाफ रिपोर्टर — सोलन
सोलन में तीन दिवसीय राष्ट्रीय स्तरीय ऐतिहासिक शूलिनी मेले का विधिवत शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल डा. धनीराम शांडिल बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि सोलन की अधिष्ठात्री मां शूलिनी को समर्पित यह मेला आस्था और भक्ति का अनुपम उदाहरण है। राष्ट्रीय स्तरीय यह उत्सव देव परंपरा और जन आस्था का प्रतीक है। मां शूलिनी को समर्पित इस मेले का मुख्य आकर्षण देवी की पालकी यात्रा है। स्वास्थ्य मंत्री डा. शांडिल ने इस अवसर पर परंपरा के अनुसार मां शूलिनी की पालकी का स्वागत किया और जन-जन के सौभाग्य, समृद्धि, स्वास्थ्य और प्रसन्नता की कामना की। उन्होंने इस अवसर पर सोलन वासियों को इस मेले के राष्ट्रीय स्तर का घोषित होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि मां शूलिनी को समर्पित यह उत्सव समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का परिचायक है। देश में यह एक ऐसा उत्सव है, जहां तीन दिन तक अनगिनत भंडारे आयोजित किए जाते हैं। इस अवधि में सोलन शहर की परिधि में आने वाले हर व्यक्ति को भोजन प्राप्त होता है।
डा. शांडिल ने आशा जताई कि यह उत्सव सभी के जीवन में नई उमंग का परिचायक बनेगा। इसके पश्चात सोलन के चौक बाजार पहुंचने पर मां की पालकी पर पुष्प वर्षा की गई। सोलन के उपायुक्त एवं मेला समिति के अध्यक्ष मनमोहन शर्मा ने इससे पूर्व स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल डा. धनीराम शांडिल, दून के विधायक राम कुमार चौधरी और अर्की के विधायक संजय अवस्थी का विधिवत स्वागत किया। डा. शांडिल ने इससे पूर्व सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में मेले के शुभारंभ से पूर्व हवन में भाग लिया। इस अवसर पर जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, प्रदेश कांग्रेस पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष कर्नल संजय शांडिल, प्रदेश खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम निदेशक मंडल के सदस्य जतिन साहनी, हिमाचल प्रदेश व्यापार कल्याण बोर्ड के सदस्य शोभित बहल, उप महाधिवक्ता रोहित शर्मा, पुलिस अधीक्षक सोलन तिरुमलाराजू एसडी वर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त सोलन राहुल जैन, नगर निगम सोलन की आयुक्त एकता कापटा, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
