HRTC कर्मचारियों को सबसे बड़ी सौगात, जारी होंगी 45 करोड़ की देनदारियां, इस दिन होगा भुगतान
कार्यालय संवाददाता—शिमला
सरकार ने कर्मचारियों की करीब 42 से 45 करोड़ रुपए की लंबित देनदारियों और मांगों को स्वीकार कर लिया है। इसके तहत 10 जुलाई तक एचआरटीसी कर्मचारियों को लगभग 45 करोड़ रुपए का भुगतान कर दिया जाएगा। समझौते के अनुसार कर्मचारियों का 12 माह से लंबित ओवरटाइम भुगतान भी किया जाएगा। साथ ही भविष्य में ओवरटाइम की राशि एक से दो माह के भीतर नियमित रूप से जारी करने पर भी सहमति बनी है।
एचआरटीसी चालक-परिचालक यूनियन की प्रदेश सरकार के साथ हुई महत्वपूर्ण बैठक में कर्मचारियों की कई लंबित मांगों पर सहमति बनने के बाद जेसीसी के प्रधान मानसिंह ठाकुर ने यह जानकारी दी। गुरुवार को शिमला में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में एचआरटीसी चालक यूनियन के अध्यक्ष मान सिंह ठाकुर और कंडक्टर यूनियन के अध्यक्ष प्रीत महेंद्र ने समझौते का विस्तृत ब्यौरा साझा किया। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों के मेडिकल रीइंबर्समेंट के लगभग 7.30 करोड़ रुपए जारी करने का निर्णय भी लिया गया है। इसके अतिरिक्त चालक, परिचालक और मैकेनिकों को एक वर्दी का नकद भत्ता तथा एक वर्दी तत्काल उपलब्ध करवाने पर भी सहमति बनी है।
यूनियन अध्यक्ष ने बताया कि परिचालकों की लंबे समय से लंबित एक महत्वपूर्ण मांग भी मान ली गई है। अब 150 किलोमीटर से अधिक दूरी वाले रूटों पर परिचालकों को फ्रंट सीट पर बैठने की सुविधा मिलेगी। इस संबंध में जल्द ही एचआरटीसी प्रबंधन की ओर से औपचारिक आदेश जारी किए जाएंगे। सरकार और यूनियन के बीच बनी इस सहमति से जहां कर्मचारियों को राहत मिलेगी, वहीं प्रदेशभर में सार्वजनिक परिवहन सेवाओं पर मंडरा रहा हड़ताल का संकट अब टल गया है।
वित्तीय स्थिति को देखते हुए दिया सहयोग
मान सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार की मौजूदा वित्तीय स्थिति को देखते हुए यूनियन ने सहयोगात्मक रवैया अपनाया है। कर्मचारियों के हितों की रक्षा और यात्रियों को होने वाली असुविधा को ध्यान में रखते हुए हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार तय समयसीमा के भीतर सभी सहमत मांगों को लागू करेगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
