सारनू-पुहाड़ा फोरलेन ब्रिज से गिरकर व्यक्ति की मौत
रात के अंधेरे में भटका रास्ता; पुल से गिरकर मौत, रातभर तलाशते रहे परिजन
टीम- शाहपुर, रैत
तहसील शाहपुर के सारनू पुहाड़ा फोरलेन ब्रिज से गिरने के कारण रिहलू पंचायत के एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा देर रात करीब 12:30 बजे का बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान पवन कुमार पुत्र नीचू राम निवासी गांव किला पंचायत रिहलू तहसील शाहपुर के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पवन कुमार भरमौर गए हुए थे और बुधवार रात वहां से वापस लौट रहे थे। उन्हें शाहपुर उतरना था, लेकिन रात के समय सही स्थान का पता नहीं चलने के कारण वे सारनू-पुहाड़ा फोरलेन ब्रिज के पास उतर गए। बताया जा रहा है कि वहां से वह पैदल शाहपुर की ओर आ रहे थे।
इसी दौरान देर रात फोरलेन ब्रिज से गिरने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उधर, शाहपुर बाजार में उसके पिता उसके के आने का इंतजार कर रहा था। काफी देर तक संपर्क न होने और फोन बंद आने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। पूरी रात खोजबीन के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। गुरुवार सुबह परिजनों को ब्रिज के नीचे पवन कुमार का शव मिलाए जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस दुखद घटना से रिहलू पंचायत सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
