नगर परिषद मैहतपुर बसदेहड़ा में मीना अध्यक्ष, सरोज उपाध्यक्ष

By: Jun 26th, 2026 12:51 am

विधायक सतपाल सत्ती के नेतृत्व में संपन्न हुआ चुनाव, शीर्ष नेतृत्व पर दोनों महिलाओं का कब्जा
कार्यालय संवाददाता-मैहतपुर बसदेहड़ा
नगर परिषद मैहतपुर बसदेहड़ा में गुरुवार को अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष का चुनाव हुआ। जिसमें वार्ड दो की भाजपा पार्षद मीना कुमारी को अध्यक्ष तथा वार्ड छह से सरोज देवी को उपाध्यक्ष बनाया गया है। भाजपा विधायक सतपाल सत्ती की उपस्थिति में यह प्रक्रिया संपन्न हुई। स्थानीय नगर परिषद में महिलाओं को ही दोनों पद मिले है। चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने के उपरांत बाजार में जलूस भी निकाला गया। पता चला है कि अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के लिए शुरू हुई चुनावी प्रक्रिया में भाजपा की ओर से वार्ड-2 की पार्षद मीना कुमारी का नाम रखा गया, कांग्रेस पार्टी की ओर से वार्ड-5 की पार्षद राजेंद्र कौर ने अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी ठोकी, लेकिन भाजपा के पास बहुमत होने के चलते 6-3 से मीना कुमारी को अध्यक्ष पद के लिए विजय घोषित कर दिया गया।

वहीं, दूसरी ओर उपाध्यक्ष पद के लिए वार्ड-6 से भाजपा समर्थित पार्षद सरोज देवी का नाम अनुमोदित किया गया, जबकि कांग्रेस की ओर से वार्ड-4 के युवा पार्षद सोमेश्वर कुमार ने अपनी दावेदारी जताई। हैरत की बात यह कि भाजपा में से ही एक पार्षद ने विरोधी पार्टी के दावेदार सोमेश्वर के पक्ष में मत देकर जीत का अंतर 5-4 कर दिया, लिहाजा सरोज देवी को छह के मुकाबले पांच मतों के अंतर से उपाध्यक्ष पद के लिए विजयी घोषित कर दिया गया। नगर परिषद में कुल 9 वार्डों में से केवल दो पुरुष पार्षद ही जीतकर नगर परिषद में आए हैं, बाकी की सभी सात पार्षद महिलाएं हैं, लिहाजा स्थानीय नगर परिषद के अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष पदों पर दोनों महिलाओं की सरदारी कायम हो गई है। भाजपा विधायक सतपाल सत्ती ने इस जीत पर कहा कि यह आम जनता कि जीत है, सब मिलजुल कर नगर परिषद को विकास की ओर लेकर जाएंगे, ऐसी उम्मीद करनी चाहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App