विधायक विवेक शर्मा ने मुख्यमंत्री को दिया पिपलू मेले का निमंत्रण
24 से 26 तक चलेगा मेला, 26 को होगी स्टार नाइट
स्टाफ रिपोर्टर-बंगाणा
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू को 24 से 26 जून तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय जिला स्तरीय ऐतिहासिक पीपलू मेले तथा 26 जून को आयोजित होने वाली भव्य बंगाणा स्टार नाइट में मुख्यातिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने विधायक द्वारा दिए गए इस निमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में आने का आश्वासन दिया।
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि पीपलू मेला कुटलैहड़ क्षेत्र की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। हर वर्ष हजारों श्रद्धालु और स्थानीय लोग इस मेले में भाग लेकर अपनी आस्था प्रकट करते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार मेले को और अधिक भव्य स्वरूप दिया जा रहा है, जबकि 26 जून को आयोजित होने वाली बंगाणा स्टार नाइट भी लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र होगी।
बचपन की मधुर यादों से जुड़ा है मेला
राज्य के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए कहा कि पिपलू मेला उनके लिए केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि बचपन की अनेक यादों से जुड़ा हुआ है।उनका विधानसभा क्षेत्र और पैतृक गांव पीपलू स्थित नर सिंह नारायण मंदिर से मात्र लगभग 12 किलोमीटर की दूरी पर है।
मेले हमारी पौराणिक संस्कृति के प्रतीक
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखबिंदर सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के पारंपरिक मेले केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि हमारी समृद्ध लोक संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता के जीवंत प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और विरासत से जोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि पुरातन सांस्कृतिक धरोहर को जीवित रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
