कांगड़ा में आपदा से बचने को मॉकड्रिल

By: Jun 16th, 2026 12:02 am

उपायुक्त की देखरेख मेें 14 उपमंडलों में परखा गया आपदा प्रबंधन तंत्र

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सहयोग से सोमवार को पूरे प्रदेश में बहु-आपदा (मल्टी-हैजार्ड) आधारित 10वीं राज्य स्तरीय मेगा मॉक एक्सरसाइज का सफल आयोजन किया गया। इसी क्रम में जिला कांगड़ा में उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आपदा प्रबंधन तंत्र की तैयारी, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता तथा विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय का व्यापक परीक्षण किया गया।

जिला कांगड़ा में यह मेगा मॉक एक्सरसाइज दो चरणों में आयोजित किया गया। यह अभ्यास जिले के सभी 14 उपमंडलों में एक साथ संचालित किया गया। निर्धारित परिदृष्य के अनुसार प्रात: 9:14 बजे जिले में रिक्टर पैमाने पर 7.8 तीव्रता का भीषण भूकंप आने की स्थिति का सिमुलेशन किया गया, जिसके परिणामस्वरूप विभिन्न क्षेत्रों में भवनों के क्षतिग्रस्त होने, लोगों के फंसने, भूस्खलन तथा अन्य आपदा संबंधी परिस्थितियां उत्पन्न हुईं। भूकंप की सूचना प्राप्त होते ही जिला आपातकालीन संचालन केंद्र सक्रिय कर दिया गया तथा इंसिडेंट रिस्पांस सिस्टम के अंतर्गत सभी इंसिडेंट रिस्पांस टीमों एवं संबंधित विभागों को तत्काल कार्यवाही हेतु तैनात किया गया। अभ्यास के प्रथम चरण में 7.8 तीव्रता के भूकंप के परिदृष्य के आधार पर विभिन्न स्थानों पर खोज एवं बचाव, चिकित्सा, राहत कार्यों का संचालन किया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App