वेनेजुएला में कुदरत का कहर, एक मिनट में घर-इमारतें जमींदोज, अस्पताल मलबे के ढेर में बदले, सडक़ों पर ही इलाज

By: Jun 26th, 2026 12:06 am

गिरते मलबे के बीच मची चीख-पुकार, अस्पताल मलबे के ढेर में बदले, सडक़ों पर ही घायलों का इलाज

एजेंसियां — कराकस

वेनेजुएला में सदी के सबसे शक्तिशाली भूकंप ने दस्तक दी। सबसे खौफनाक और विनाशक भूकंप से पूरा मुल्क कांप गया। वेनेजुएला में बैक-टू-बैक आए दो भूकंपों ने देश में जबरदस्त तबाही मचाई है। 60 सेकंड के अंदर राजधानी कराकस की ऊंची इमारतें मलबे के ढेर में बदल गईं। राजधानी में कुछ ही सेकंड के अंतराल पर दो बार धरती हिली। इसके बाद, डरे हुए लोग अपने परिवार वालों और पालतू जानवरों के साथ इमारतें खाली करके सडक़ों पर जमा होते नजर आए। भूकंप से पूरे वेनेजुएला में इंटरनेट कनेक्टिविटी पर असर पड़ा है। भूकंप के बाद घायल हुए लोगों का इलाज सडक़ पर करना पड़ रहा है, क्योंकि ज्यादातर बड़े अस्पतालों की इमारतें भी मलबे में बदल चुकी हैं। देश के ज्यादातर हिस्सों में बिजली का कनेक्शन टूट चुका है। वेनेजुएला में जब भूकंप आया, तब कुछ मछुआरे नाव में थे। व ेदूर से शहर को तबाह होते देख रहे थे। ऑर्गेनाइजेशन ऑफ अमरीकन स्टेट्स (ओएएस) के महासचिव अलबर्ट रामदीन ने वेनेजुएला में आए भूकंप को लेकर दुख जताया। उन्होंने कहा कि अभी भी हमें काफी नुकसान की जानकारी नहीं है, लेकिन पूरे गोलार्ध का समुदाय वेनेजुएलाई समुदाय के साथ खड़ा है। हम हर तरह की मदद करेंगे। वेनेजुएला के कराकस में रहने वाले चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कहा कि जहां भी संभव हो, बीजिंग मदद देने के लिए तैयार है।

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पीडि़तों, उनके परिवारों और संकट के समय जमीन पर काम कर रही एमरजेंसी टीमों के साथ एकजुटता जाहिर की है। अमरीकी ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट भी उन विदेशी अधिकारियों में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने वेनेजुएला के साथ एकजुटता दिखाई है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि हम उन परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं, जिन्होंने अपनों को खोया है. इस मुश्किल वक्त में प्रभावित सभी समुदायों के लिए हिम्मत, सुरक्षा और जल्द ठीक होने की कामना करते हैं। भूकंप से बिजली और टेलीकम्युनिकेशन इंफ्रास्ट्रक्चर को नुकसान पहुंचने के बाद वेनेजुएला में इंटरनेट कनेक्टिविटी पर बुरा असर पड़ा है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि प्रभावित इलाकों में बड़े पैमाने पर बिजली कटौती भी हुई है या नहीं।

राजधानी कराकस में लोगों ने सडक़ों पर रात बिताई

भूकंपों के बाद राजधानी कराकस में सैकड़ों लोगों ने पूरी रात सडक़ों पर बिताई। कई लोगों के घर भूकंप में क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि बड़ी संख्या में लोग लगातार आ रहे आफ्टरशॉक के डर से अपने घरों में लौटने की हिम्मत नहीं जुटा सके। कई परिवार बच्चों और जरूरी सामान के साथ खुले मैदानों और सडक़ों पर रातभर डटे रहे। लोगों को आशंका है कि क्षतिग्रस्त इमारतें किसी भी समय गिर सकती हैं। भूकंप के बाद लगातार आफ्टरशॉक महसूस किए जा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से क्षतिग्रस्त इमारतों से दूर रहने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

b

वेनेजुएलाई सरकार ने देशभर के स्कूलों को फिलहाल बंद रखने का आदेश दिया है। एजुकेशन मिनिस्ट्री ने कहा है कि कुछ स्कूलों को राहत शिविर के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा। यहां भूकंप से प्रभावित परिवारों को रखा जाएगा।

बिजली गुल, मेट्रो-ट्रेन सेवाएं बंद

वेनेजुएला में आए शक्तिशाली भूकंप के बाद राजधानी कराकस के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। एहतियात के तौर पर कराकस और पड़ोसी मिरांडा राज्य में मेट्रो और ट्रेन सेवाएं भी बंद कर दी गईं। गुरुवार सुबह कराकस के पश्चिमी हिस्से के कई इलाकों में अंधेरा छाया रहा। भूकंप के झटकों से कई पानी की पाइपलाइनें फट गईं, जिससे सडक़ों पर पानी भर गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App