Neeraj Bharti : नीरज भारती का कांग्रेस उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा, जानिए किस कारण लिया गया यह फैसला
टीम — जवाली, धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सीपीएस नीरज भारती ने अपने पद से इस्तीफा देकर सियासी माहौल गरमा दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार और जिला अध्यक्ष अनुराग शर्मा को भेज दिया है। दिलचस्प बात यह है कि यह इस्तीफा उस वक्त आया है, जब हाल ही में कांग्रेस पार्टी ने नीरज भारती को सोशल मीडिया पर लगातार की जा रही बयानबाजी के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया था। नोटिस के बाद उठाए गए इस कड़े कदम से प्रदेश कांग्रेस के भीतर सियासी पारा पूरी तरह चढ़ गया है। प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार को भेजे अपने पत्र में नीरज भारती ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की कार्यशैली और व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि वर्तमान सरकार की कार्यप्रणाली से वह अत्यंत असंतुष्ट हैं।
पिछले साढ़े तीन वर्षों में सरकार ने उन मेहनती, संघर्षशील और समर्पित कार्यकर्ताओं को पूरी तरह निराश किया है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में पार्टी का झंडा उठाए रखा और कांग्रेस को सत्ता में वापस लाने के लिए दिन-रात एक किया था। भारती ने आरोप लगाया कि आज जमीनी स्तर के निष्ठावान कार्यकर्ता स्वयं को उपेक्षित, अनसुना और हाशिए पर महसूस कर रहे हैं। राजनीतिक रूप से यह मामला इसलिए भी बेहद संवेदनशील हो गया है, क्योंकि नीरज भारती वर्तमान सुक्खू सरकार में कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार के पुत्र हैं। वह स्वयं भी पूर्व में कांग्रेस सरकार के दौरान सीपीएस जैसे महत्वपूर्ण पद पर रह चुके हैं। पिछले कुछ दिनों से नीरज भारती लगातार सोशल मीडिया के जरिए प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ मोर्चा खोले हुए थे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
