नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों ने ली शपथ
विकास खंड सराज के सभी 15 नवनिर्वाचित मेंबर्स को अधिकारों और कत्र्तव्यों से अवगत करवाया
उपमंडल संवाददाता- थुनाग
सराज विकास खंड की जंजैहली स्थित पंचायत समिति सभागार में शनिवार को एक भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विकास खंड सराज के सभी 15 नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। पीठासीन अधिकारी एवं उप-मंडलाधिकारी (नागरिक) थुनाग, संजीत शर्मा ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को विधिवत रूप से शपथ ग्रहण करवाई। शपथ ग्रहण के उपरांत एसडीएम थुनाग संजीत शर्मा ने उपस्थित सभी सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में पंचायत समिति सदस्यों के रोल, उनके अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में विस्तृत व संक्षिप्त जानकारी दी, ताकि सभी प्रतिनिधि जनहित के कार्यों को बेहतर ढंग से अमलीजामा पहना सकें।
इस मौके पर खंड विकास अधिकारी सराज, बलदेव चंद ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने सभी सदस्यों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र के विकासात्मक कार्यों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने नवनिर्वाचित सदस्यों से विशेष अनुरोध किया कि वे अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों के साथ बेहतर सामंजस्य बिठाकर काम करें, ताकि विकास की गति को और तेज किया जा सके। कार्यक्रम के अंत में उप-निरीक्षक (विकास खंड सराज) गुरमीत सिंह गिल ने उपस्थित सभी अतिथियों और नवनिर्वाचित सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने सभी सदस्यों को आश्वस्त किया कि आगामी प्रशासनिक प्रक्रियाओं के बारे में उन्हें समय-समय पर पूरी जानकारी और सहयोग प्रदान किया जाता रहेगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
