एनएचपीसी ने चंबा में खर्च किए 56 करोड़
राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन बोले, सीएसआर से बदली चंबा की सूरत, हजारों लोगों को मिला लाभ
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
राज्यसभा सांसद एवं ऊर्जा संबंधी संसदीय स्थायी समिति के सदस्य हर्ष महाजन ने कहा कि एनएचपीसी लिमिटेड द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) एवं सतत विकास कार्यक्रमों के तहत जिला चंबा में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सामाजिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। इन योजनाओं से जिले के हजारों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिला है और क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिली है। हर्ष महाजन ने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में एनएचपीसी द्वारा 45 विद्यालयों के निर्माण का कार्य करवाया जा रहा है। इनमें 25 प्राथमिक और 20 माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। इस परियोजना की स्वीकृत लागत 7.75 करोड़ रुपये है, जिसमें से 6.57 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं तथा लगभग 6.55 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। अधिकांश विद्यालयों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष भवनों का कार्य अंतिम चरण में है। उन्होंने बताया कि स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 350 वाटर प्यूरीफायर स्थापित किए गए हैं, जिन पर 36.68 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।
वहीं स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए पांच प्रयोगशालाओं में 18 लाख रुपये की लागत से बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर स्थापित किए गए हैं, जिससे जांच सुविधाओं की गुणवत्ता और दक्षता में सुधार हुआ है। हर्ष महाजन ने कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए मोबाइल थेरेपी बैंक सेवा भी शुरू की गई है, जिससे लगभग 150 बच्चों को विशेषज्ञ चिकित्सा और फिजियोथेरेपी सेवाओं का लाभ मिल रहा है। इसके अलावा चंबा चौगान स्थित गांधी गेट के समीप 37 लाख रुपये की लागत से आधुनिक सार्वजनिक शौचालय का निर्माण किया गया है, जिसके संचालन और रखरखाव की व्यवस्था आगामी 30 वर्षों तक सुनिश्चित की गई है। चुवाड़ी स्थित पैराडाइज डे-केयर सेंटर के उन्नयन के लिए भी 15 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2020-21 से 2025-26 के दौरान एनएचपीसी ने जिला चंबा में सीएसआर गतिविधियों के तहत कुल 56.62 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। विभिन्न विद्युत परियोजनाओं के माध्यम से किए गए इन कार्यों से शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास के क्षेत्र में स्थायी आधारभूत ढांचे का निर्माण हुआ है। हर्ष महाजन ने कहा कि एनएचपीसी के प्रयास केवल आधारभूत सुविधाओं के निर्माण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जनकल्याण और समग्र विकास की दिशा में एक मजबूत पहल हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
