समस्याएं जानने जनता के बीच जाना होगा, गगल में बोले सीएम, मौके पर जाकर पता लगती है हकीकत
नगर संवाददाता — गगल
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शुक्रवार को चंडीगढ़ से हेलिकॉप्टर के माध्यम से गगल एयरपोर्ट पहुंचे। उनका दो दिवसीय बड़ा भंगाल दौरा प्रस्तावित है। गगल एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री का कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी, एपीएमसी अध्यक्ष निशु मोंगरा, ब्लॉक कांग्रेस धर्मशाला अध्यक्ष हरभजन सिंह, रविंद्र सिंह जाट तथा हरीश कुमार सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। गौर हो कि 14 साल बाद किसी मुख्यमंत्री का बड़ा भंगाल का यह पहला दौरा है। गगल एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि उनका यह बड़ा भंगाल का पहला दौरा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को नजदीक से समझना, विकास कार्यों की संभावनाओं का आकलन करना तथा यह सुनिश्चित करना है कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचे। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र की वास्तविक परिस्थितियों को समझने के लिए वहां जाकर लोगों से सीधे संवाद करना आवश्यक होता है। इसके बाद मुख्यमंत्री गगल एयरपोर्ट से सडक़ मार्ग द्वारा धर्मशाला के लिए रवाना हो गए।
चौपर की लैंडिंग के लिए ग़ुगलाड़ा मैदान भी तैयार था
जवाली — मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का हेलिकॉप्टर चंडीगढ़ से उडऩे के बाद गगल एयरपोर्ट पर उतरना था, लेकिन मौसम खराब होने के कारण विधानसभा क्षेत्र जवाली के अधीन गुगलाड़ा मैदान को स्टैंडबाई मोड पर रखा गया। इस दौरान अधिकारी गुगलाड़ा मैदान पहुंचे और प्रशासनिक अमला भी मौके पर तैयार था। हालांकि बाद में मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू का हेलिकॉप्टर गगल एयरपोर्ट पर ही उतरा तथा सारा प्रशासनिक अमला वापस चला गया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
