परिस्थितियों के हिसाब से खेलें पंत, डोशेट ने खोला राज, उपकप्तानी जाने से नाराज नहीं हैं ऋषभ पंत
दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली
अफगानिस्तान के खिलाफ शनिवार से शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से पहले भारतीय टीम के सहायक कोच रयान टेन डोशेट ने ऋषभ पंत को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पंत टीम के अहम खिलाड़ी हैं, लेकिन उन्हें मैच की परिस्थितियों के अनुसार अपनी बल्लेबाजी को ढालने की जरूरत है। टेन डोशेट ने स्पष्ट किया कि नेतृत्व केवल किसी पद से नहीं आता और टीम को ऐसे खिलाडिय़ों की जरूरत है, जो बिना किसी आधिकारिक जिम्मेदारी के भी आगे बढक़र नेतृत्व करें। उन्होंने कहा, लीडर बनने के लिए किसी औपचारिक पद की जरूरत नहीं होती। हम चाहते हैं कि ऋषभ पंत मैच की स्थिति के मुताबिक अपना खेल खेलें और सही फैसले लें। पिछले महीने बीसीसीआई ने अफगानिस्तान टेस्ट के लिए भारतीय टीम की घोषणा की थी। इस दौरान ऋषभ पंत को टेस्ट टीम के उपकप्तान पद से हटा दिया गया था और यह जिम्मेदारी केएल राहुल को सौंपी गई थी।
इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए टेन डोशेट ने कहा कि पंत ने इसे पूरी तरह पेशेवर तरीके से लिया। उन्होंने कहा, उपकप्तानी हटाए जाने को लेकर ऋषभ पंत की ओर से कोई शिकायत नहीं आई। पंत का टेस्ट करियर अब तक शानदार रहा है। बाएं हाथ के विकेटकीपर-बल्लेबाज ने 49 टेस्ट मैचों में 3,476 रन बनाए हैं और उनका एवरेज 42.91 का रहा है। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर उन्होंने भारत को कई यादगार जीत दिलाई है। हालांकि कई मौकों पर उन्हें जरूरत से ज्यादा जोखिम लेने और गैर-जिम्मेदाराना शॉट खेलने के लिए आलोचना का सामना भी करना पड़ा है।
भारत की टेस्ट टीम— शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत, देवदत्त पडिक्कल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे और ध्रुव जुरेल।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
