लोगों को मिलेगा साफ पानी

By: Jun 26th, 2026 12:48 am

जल शक्ति विभाग ने दुआड़ा में पेयजल पाइप लाइन को दबाकर किया दुरुस्त
कार्यालय संवाददाता-पतलीकूहल
लोगों की असुविधा को देखते हुए जल शक्ति विभाग ने दुआड़ा गांव में सडक़ और घरों के आगे से खुली पड़ी पेयजल पाइपलाइन को दुरुस्त कर उसे जमीन में दबा दिया है, ताकि नाली में बहने वाला गंदा पानी पाइपलाइन में न जा सके और पाइप टूटने की आशंका भी समाप्त हो सके। विभाग की इस कार्रवाई से ग्रामीणों को राहत मिली है और उन्होंने जल शक्ति विभाग का आभार जताया है। जानकारी के अनुसार दुआड़ा गांव में रमेश कपूर और घनश्याम कपूर के परिवारों के घरों के आगे से गुजर रही पेयजल पाइपलाइन काफी समय से खुली पड़ी थी। इससे एक ओर पाइपलाइन के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना हुआ था, वहीं पास की नाली में बहने वाला गंदा पानी भी पाइपलाइन तक पहुंचने की आशंका बनी रहती थी।

ग्रामीणों ने इस समस्या को जल शक्ति विभाग के समक्ष उठाया, जिसके बाद विभाग ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक कार्यवाही शुरू की। जल शक्ति विभाग की टीम ने खुली पड़ी पाइपलाइन को सुरक्षित तरीके से जमीन में दबाकर दुरुस्त किया, जिससे अब पाइपलाइन के टूटने का खतरा काफी हद तक कम हो गया है। साथ ही नाली के गंदे पानी के पाइपलाइन तक पहुंचने की आशंका भी समाप्त हो गई है। विभाग की इस पहल से न केवल पेयजल आपूर्ति को सुरक्षित बनाने में मदद मिली हैए बल्कि स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही चिंता भी दूर हुई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App