गंगरंग नाला के पास पिकअप खाई में गिरी; एक की मौत, एक गंभीर घायल

By: Jun 26th, 2026 12:50 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-रिकांगपिओ
किन्नौर जिले के सांगला-चितकुल मार्ग पर गंगरंग नाला के समीप गुरुवार को एक दर्दनाक सडक़ हादसा पेश आया। प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन (एचपी-25ए-8880) अनियंत्रित होकर करीब 30 से 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के समय वाहन में दो व्यक्ति सवार थे, जिन्हें गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना में संजोत पुत्र कपूर सिंह (35 वर्ष), निवासी सांगला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कपिल नेगी पुत्र रणधीर नेगी (21 वर्ष), निवासी नुरानू, तहसील मोरी, जिला उत्तरकाशी (उत्तराखंड) गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और प्रशासन की सहायता से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सांगला पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार एवं उन्नत चिकित्सा सुविधा के लिए महात्मा गांधी मेडिकल सर्विसेज कॉम्प्लेक्स, खनेरी (रामपुर) रेफर किया। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App