पांवटा में अवैध खनन पर पुलिस का शिकंजा, 22 टिप्पर किए जब्त
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
पांवटा साहिब में यातायात नियमों के उल्लंघन और अवैध खनन सामग्री ढुलाई के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 टिप्परों को जब्त किया है। एसआईयू और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार देर रात शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के चालान किए और उन्हें अदालत में पेशी के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई टिप्पर नो-एंट्री अवधि के दौरान शहर में प्रवेश कर रहे हैं और ओवरलोडिंग के कारण सडक़ सुरक्षा को खतरे में डाल रहे हैं।
इसके बाद औद्योगिक क्षेत्र, बद्रीपुर मार्ग, विश्वकर्मा चौक, रामपुरघाट तथा विभिन्न निर्माण स्थलों के आसपास विशेष नाकाबंदी कर जांच की गई। कार्रवाई के दौरान दोषी पाए गए टिप्परों को थाने परिसर में खड़ा कर दिया गया। एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने कहा कि अवैध टिप्पर संचालन और यातायात नियमों के उल्लंघन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा तथा नो-एंट्री में प्रवेश करने और निर्धारित क्षमता से अधिक भार ढोने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत किया है। उनका कहना है कि बद्रीपुर चौक से लेकर विश्वकर्मा चौक और देवीनगर क्षेत्र तक रात और सुबह के समय टिप्परों की लंबी कतारों के कारण जाम की स्थिति बनी रहती थी। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और हरियाणा से आने वाले टिप्परों के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। लोगों ने यह भी चिंता जताई कि गोबिंदघाट बैरियर के समीप यमुना पुल पर भारी वाहनों के खड़े रहने से पुल की सुरक्षा पर भी खतरा मंडरा रहा है। पुल की स्थिति पहले से कमजोर होने के कारण लगातार बढ़ते दबाव को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
