जुखाला में दूसरे दिन भी दो घंटे चक्का जाम
जुखाला डिग्री कालेज में विज्ञान तथा कॉमर्स संकाय बहाली को लेकर आंदोलन जारी, विधायक का समर्थन
स्टाफ रिपोर्टर-जुखाला
जुखाला कालेज से विज्ञान और वाणिज्य संकायों को बहाल करने के लिए दूसरे दिन गुरूवार को भी आंदोलन जारी रहा। आंदोलन को समर्थन देने के लिए श्री नैना देवी जी के विधायक रणधीर शर्मा भी मौके पर पहुंचे और धरने पर बैठ कर इस धरने को अपना समर्थन दिया। गौरतलब है कि जुखाला कॉलेज बचाओ मंच ने यह पहले ही साफ़ कर दिया है कि मंच से किसी विधायक मंत्री या पूर्व विधायक को बोलने नही दिया जाएगा, क्योंकि यह मंच पूरी तरह से गैरराजनीतिक है, जिसमें कांग्रेस, भाजपा और अन्य दलों के भी कई बड़े नेता शामिल हैं। इस मंच से किसी प्रकार कि कोई राजनीती किसी को करने नहीं दी जाएगी। रणधीर शर्मा ने भी इस बात का मान रखा और धरने पर बैठ कर अपना समर्थन दिया, उन्होंने मंच से कुछ नहीं कहा।
धरना समाप्त होने के बाद रणधीर शर्मा ने कहा कि इस मंच को उनका पूरी तरह से समर्थन है। दूसरे दिन चक्का जाम से सैंकड़ों वाहन इस जाम में फंस गए और कई किलोमीटर तक जाम पहुंच गया। इस दौरान एम्बुलेंस और निजी वाहनों में जो मरीज आ रहे थे, उन्हें बिना किसी दिक्कत के जाने दिया जा रहा था। धरने के दूसरे दिन भारी मात्रा में महिलाएं उपस्थित रहीं, जिन्होंने धरना स्थल पर भजन कीर्तन भी किए। मंच ने कहा कि कल दोबारा इसी स्थान पर दो घंटे का धरना प्रदर्शन होगा और अगर सरकार नहीं मानी तो इसके बाद ब्रह्मपुखर में चक्का जाम होगा। जिसके बाद यह आंदोलन विधानसभा और सचिवालय का घेराव करने के लिए शिमला कुच करेगा।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की धक्कामुक्की
धरने के दूसरे दिन जब लोग चक्का जाम करने लगे तो पुलिस ने उन्हें उठाने का प्रयास किया परंतु सभी लोग धरना स्थल पर लेट गए और इस बीच पुलिस और लोगो के मध्य हलकी धक्का-मुक्की भी हुई। मंच ने साफ़ कहा कि हम शांति प्रिय ढंग से प्रदर्शन कर रहे हैं, अगर पुलिस हाथापाई पर आई तो मंच भी इसका जवाब देगा, जिसके लिए प्रशासन और पुलिस प्रशासन जिम्मेवार होगा। दिन प्रतिदिन अब यह प्रदर्शन उग्र रूप लेता जा रहा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
