जुखाला में चक्का जाम खून से किए हस्ताक्षर
कालेज में साइंस स्ट्रीम बहाली के लिए उग्र हुआ आंदोलन
स्टाफ रिपोर्टर-जुखाला
राजकीय महाविद्यालय जुखाला में विज्ञान एवं वाणिज्य संकायों को पुन: बहाल करने की मांग को लेकर चल रहा जनआंदोलन अब निर्णायक और उग्र चरण में पहुंच गया है। आंदोलन के पांचवें दिन प्रदर्शनकारियों ने दो घंटे का चक्का जाम कर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद आंदोलनकारियों ने अपने खून से हस्ताक्षर अभियान शुरू कर सरकार को स्पष्ट संदेश दिया कि अब यह संघर्ष किसी भी कीमत पर पीछे हटने वाला नहीं है। धरना स्थल पर उस समय भावुक और ऐतिहासिक दृश्य देखने को मिला जब क्षेत्र के 90 वर्षीय बुजुर्ग ने भी अपने खून से हस्ताक्षर कर आंदोलन के प्रति अपना समर्थन जताया। उनके बाद महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भी अपने खून से हस्ताक्षर किए। आंदोलनकारियों का कहना था कि यह केवल हस्ताक्षर नहीं, बल्कि क्षेत्र के विद्यार्थियों के भविष्य की रक्षा के लिए संकल्प है। धरने में शामिल लोगों ने आरोप लगाया कि पिछले पांच दिनों से दावीं घाटी के लोग भीषण गर्मी में बच्चे, बूढ़े तथा महिलाएं लगातार शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन और चक्का जाम कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन का कोई भी वरिष्ठ अधिकारी उनकी बात सुनने तक नहीं पहुंचा।
आंदोलनकारियों ने कहा कि सरकार और प्रशासन की इस अनदेखी ने लोगों के आक्रोश को और बढ़ा दिया है। धरना स्थल पर पहुंचीं नम्होल की जिला परिषद सदस्य सुरभि ठाकुर ने आंदोलन का समर्थन करते हुए खूनी हस्ताक्षर अभियान में भाग लिया। उन्होंने कहा कि सरकार का यह निर्णय ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियोंए विशेषकर बेटियों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के भविष्य पर सीधा प्रहार है। उन्होंने सरकार से बिना किसी विलंब के विज्ञान एवं वाणिज्य संकायों को पुन: बहाल करने की मांग की। मंच के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमेश ठाकुर ने कहा कि आंदोलन की शुरुआत से अब तक जनता ने पूरी शालीनता और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाई। किसी भी मंत्री या जनप्रतिनिधि के खिलाफ नारेबाजी नहीं की गई, लेकिन सरकार की लगातार चुप्पी और प्रशासन की उदासीनता के कारण अब जनता का धैर्य टूट चुका है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने जल्द निर्णय वापस नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

