12.89 करोड़ से संवरेगा साई रोड
चौड़ाई का काम शुरू, विधायक राम कुमार चौधरी ने किया परियोजना का शुभारंभ
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बद्दी
औद्योगिक नगर बद्दी की सबसे व्यस्त और लंबे समय से जाम की समस्या से जूझ रही साईं रोड के दिन अब बदलने वाले हैं। दून विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत करीब 12.89 करोड़ रुपये की लागत से सडक़ चौड़ीकरण, नाला सुधार और नई सीवरेज परियोजना का गुरुवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने नारियल फोडक़र परियोजना का शुभारंभ किया और इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। विधायक राम कुमार चौधरी ने बताया कि परियोजना के तहत साईं रोड का चौड़ीकरण किया जाएगा। कार्य शुरू करने से पहले सडक़ की मार्किंग तथा बिजली के खंभों के स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। सडक़ के दोनों ओर लगभग साढ़े तीन फुट चौड़े नालों और ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण किया जाएगा, जिससे बरसात के दौरान जलभराव की समस्या पर भी प्रभावी नियंत्रण होगा।
उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद साईं रोड पर वर्षों से चली आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या में काफी हद तक सुधार होगा। इससे वाहन चालकों को सुगम यातायात सुविधा मिलेगी और पैदल यात्रियों की सुरक्षा भी बढ़ेगी। साथ ही स्थानीय व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को भी लाभ पहुंचेगा। विधायक ने क्षेत्रवासियों और दुकानदारों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही विकास कार्य सफल होते हैं। कुछ प्रशासनिक प्रक्रियाओं और आचार संहिता के कारण परियोजना में देरी हुई, लेकिन अब विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। राम कुमार चौधरी ने विश्वास जताया कि सडक़ चौड़ीकरण, नाला सुधार और सीवरेज परियोजना के पूरा होने के बाद बद्दी की यातायात व्यवस्था अधिक व्यवस्थित होगी और स्थानीय लोगों, उद्योगों तथा हजारों दैनिक यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
