अमृतसर में 5KG हेरोइन, 10 हथियार और 30 लाख कैश के साथ अफगान नागरिक समेत 7 गिरफ्तार
अमृतसर। पंजाब में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक केंद्रीय एजेंसी के साथ संयुक्त अभियान चलाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित अवैध हथियार, मादक पदार्थ और हवाला नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में एक अफगान नागरिक और एक नाबालिग सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 5.048 किलोग्राम हेरोइन, 10 अत्याधुनिक हथियार और 30.38 लाख रुपये की हवाला राशि बरामद की है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने गुरुवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जसप्रीत सिंह उर्फ कालू, जगजीत सिंह उर्फ जग्गी, गोपाल शर्मा उर्फ गौरव, अनीकेत साहोता, प्रभजीत सिंह उर्फ प्रभ, राजबीर सिंह उर्फ आर्यन तथा एक नाबालिग के रूप में हुई है। इनमें जगजीत सिंह मूल रूप से अफगानिस्तान के जलालाबाद का निवासी है और वर्तमान में नयी दिल्ली के तिलक नगर में रह रहा था।
पुलिस द्वारा बरामद हथियारों में एक 9 एमएम उजी सब-मशीन गन (इटली निर्मित), एक 9 एमएम ऑटोमैटिक सब-मशीन गन, चार ग्लॉक पिस्तौल (ऑस्ट्रिया निर्मित), एक जिगाना स्पोर्ट पिस्तौल, एक कोल्ड किंग कमांडो सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, एक स्कॉर्पियन जिगाना टिसास तुर्किये पिस्तौल तथा एक .30 बोर पिस्तौल शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों की मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से विदेशी हैंडलरों के संपर्क में थे। यह गिरोह सीमा पार से आने वाले नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की खेप प्राप्त कर उन्हें अपराधियों तक पहुंचाता था। नेटवर्क वित्तीय लेन-देन के लिए हवाला चैनलों का इस्तेमाल कर रहा था। अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर की गयी कार्रवाई में सबसे पहले जसप्रीत सिंह उर्फ कालू और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से 220 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने गोपाल शर्मा और अनीकेत साहोता को गिरफ्तार किया तथा उनके पास से 4.8 किलोग्राम हेरोइन बरामद की। आगे की जांच में अफगान नागरिक जगजीत सिंह उर्फ जग्गी का नाम सामने आया, जो हवाला लेन-देन और नेटवर्क से जुड़े पैसों के प्रबंधन में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।जगजीत से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके सहयोगियों प्रभजीत सिंह और राजबीर सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। प्रभजीत की निशानदेही पर पुलिस ने 10 अवैध अत्याधुनिक हथियारों का जखीरा और 30.38 लाख रुपये की हवाला राशि बरामद की।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि जगजीत सिंह के खिलाफ पहले भी विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी तथा और बरामदगी होने की संभावना है। इस संबंध में थाना इस्लामाबाद, अमृतसर में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गयी है। पुलिस विदेशी नेटवर्क से जुड़े सभी लिंक खंगालने में जुटी हुई है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
