सीवरेज चैंबर एक साल से टूटा

By: Jun 16th, 2026 12:02 am

सीर खड्ड में बह रही गंदगी, पेयजल योजनाओं पर मंडराया खतरा

स्टाफ रिपोर्टर-घुमारवीं
घुमारवीं शहर में गगन होटल के समीप सीवरेज का मुख्य चैंबर पिछले करीब एक वर्ष से टूटा पड़ा है। इसके कारण सीवरेज की गंदगी खुले में बहकर सीधे सीर खड्ड में मिल रही है। विभागीय अधिकारियों की कथित लापरवाही से स्थानीय लोगों और जमीन मालिकों में रोष है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायतों और अधिकारियों के निरीक्षण के बावजूद आज तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। जमीन मालिक दिनेश शर्मा और ऊषा देवी ने बताया कि जिस स्थान पर चैंबर टूटा हुआ है, वहां उनकी 12 बीघा 9 बिस्वा भूमि है। जिससे सीवरेज की मुख्य लाइन गुजरती है। उनका कहना है कि यह सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की मुख्य लाइन का चैंबर है और इसके क्षतिग्रस्त होने से लगातार गंदगी बह रही है।

लोगों ने बताया कि सीवरेज की गंदगी सीधे सीर खड्ड में मिल रही है। जबकि इसी सीर खड्ड से क्षेत्र की कई पेयजल योजनाएं जुड़ी हैं। ऐसे में सीवरेज का पानी खड्ड में मिलने से जल स्रोतों के दूषित होने और लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा बढऩे की आशंका है। जमीन मालिकों ने विभाग को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए चेताया है कि यदि निर्धारित समय में चैंबर की मरम्मत नहीं हुई तो वे भविष्य में अपनी जमीन से कोई भी सीवरेज लाइन नहीं गुजरने देंगे। मामले की शिकायत हिमाचल प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से भी की जाएगी। लोगों का कहना है कि एक ओर सरकार स्वच्छ भारत अभियान चला रही है, जबकि दूसरी ओर शहर में पिछले एक वर्ष से सीवरेज की गंदगी खुले में बह रही है। लोगों ने प्रशासन से इस गंभीर मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग की है। उधर, जल शक्ति विभाग के एक्सियन यशपाल शर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में है और शहर में संबंधित कार्य चल रहा है। टूटे हुए चैंबर की मरम्मत शीघ्र करवा दी जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App