आठ महीने से बंद पड़ा शहीद स्मारक-सराह मार्ग
अगली बरसात सिर पर, फिर भी एनएच प्रशासन नहीं ले रहा सुध, जनता में रोष
दिव्य हिमाचल ब्यूरो- धर्मशाला
कांगड़ा जिला मुख्यालय धर्मशाला में विभागीय लापरवाही और सुस्त कार्यप्रणाली का एक बड़ा मामला सामने आया है। पिछली बरसात में तबाह हुआ शहीद स्मारक से सराह पंचायत की ओर जाने वाला मुख्य सडक़ मार्ग पिछले आठ महीनों से पूरी तरह बंद पड़ा है। अब अगली बरसात भी सिर पर आ चुकी है, लेकिन नेशनल हाईवे (एनएच) के अधीन आने वाले इस महत्त्वपूर्ण मार्ग की सुध लेने वाला कोई नहीं है। महीनों से बंद पड़ी इस सडक़ के कारण स्थानीय जनता का धैर्य अब जवाब दे रहा है और लोगों का गुस्सा फूटने लगा है। शहीद स्मारक से सर्किट हाउस होते हुए सराह पंचायतए चैतडू, रच्च्यालु और क्योडिय़ां को जोडऩे वाली इस सडक़ के बंद होने से क्षेत्र की एक बड़ी आबादी सीधे तौर पर प्रभावित हुई है। इस मार्ग के अवरुद्ध होने का सबसे ज्यादा खामियाजा स्कूल-कालेज जाने वाले छात्रों, दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों, खेतों का रुख करने वाले किसानों और आपात स्थिति में अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। सडक़ बंद होने के चलते मजबूरन लोगों को कोतवाली कैंची मोड़ से होकर अतिरिक्त किराया भर कर सफर तय करना पड़ रहा है, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी हो रही है।
लगातार आठ महीने से सडक़ बंद रहने के कारण सराह पंचायत के प्रधान जगरूप सिंह सहित साथ लगती अन्य पंचायतों के प्रतिनिधियों ने एनएच प्रबंधन और जिला प्रशासन के खिलाफ भारी रोष प्रकट किया है। प्रधान जगरूप सिंह ने कड़े शब्दों में कहा कि एक बरसात का कहर झेलने के बाद अब दूसरी बरसात आने वाली हैए लेकिन इस सडक़ का न खुल पाना प्रशासनिक नाकामी का जीता.जागता सबूत है। उन्होंने और अन्य प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन तथा एनएच के अधिकारियों से पुरजोर मांग की है कि जनता की भारी परेशानी को देखते हुए तुरंत प्रभाव से इस सडक़ मार्ग को बहाल किया जाए, ताकि क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत मिल सके।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
