पालमपुर के शौर्य ने रचा इतिहास, एप्पल के ‘स्विफ्ट स्टूडेंट चैलेंज-2026’ में बने डिस्टिंग्विश्ड विनर
हिमाचल के युवा एप्पल के ‘स्विफ्ट स्टूडेंट चैलेंज-2026’ में बने डिस्टिंग्विश्ड विनर
नगर संवाददाता— पालमपुर
पालमपुर के युवा छात्र शौर्य ठाकुर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर हिमाचल का नाम रोशन किया है। एसआरएम इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी कट्टनकुलाथुर में बीटेक कम्प्यूटर साइंस के प्री फाइनल वर्ष के छात्र शौर्य ठाकुर को एप्पल के प्रतिष्ठित ‘स्विफ्ट स्टूडेंट चैलेंज-2026’ में डिस्टिंग्विश्ड विनर चुना गया है। वह इस सम्मान को प्राप्त करने वाले हिमाचल के पहले और एकमात्र छात्र बने हैं। दुनियाभर से आए लाखों आवेदनों में से एप्पल ने 350 विजेताओं का चयन किया था, जिनमें से केवल 50 प्रतिभागियों को डिस्टिंग्विश्ड विनर का विशेष दर्जा मिला। शौर्य ने अपनी अभिनव परियोजना ‘पर्लस्टेड’ के माध्यम से यह उपलब्धि हासिल की। यह आईपैड आधारित एप्लिकेशन ऑन-डिवाइस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग कर हाथों की गतिविधियों का विश्लेषण करके पार्किंसन रोग के शुरुआती लक्षणों की पहचान करने में सहायता करती है।
इस उपलब्धि के लिए एप्पल ने शौर्ये को अमरीका के कैलिफोर्निया स्थित एप्पल पार्क में आयोजित विश्व प्रसिद्ध वल्र्डवाइड डिवेलपर्स कॉन्फ्रेंस 2026 में विशेष रूप से आमंत्रित किया। तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान उन्होंने एप्पल पार्क में आयोजित प्रमुख तकनीकी सत्रों और कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान उन्हें एप्पल के सीईओ टिम कुक से व्यक्तिगत रूप से मिलने का अवसर भी मिला। साथ ही उन्होंने एप्पल के वरिष्ठ अधिकारियों जॉन टर्नस, क्रेग फेडेरिघी, सुसान प्रेस्कॉट और एस्थर हेयर से भी मुलाकात की। शौर्य ठाकुर की प्रारंभिक शिक्षा पालमपुर के ठाकुरद्वारा स्थित माउंट कार्मेल स्कूल में हुई है। उनके माता-पिता डा. मदन वर्मा और डा. रंजना वर्मा पालमपुर कृषि विश्वविद्यालय में अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
