सिंधु इंडोनेशिया ओपन से बाहर, वर्ल्ड नंबर-1 यंग से सीधे गेम में हारीं भारतीय शटलर, लगातार 10वीं पराजय
एजेंसियां— जकार्ता
भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु जकार्ता में खेले जा रहे इंडोनेशिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के राउंड ऑफ-16 से बाहर हो गईं। उन्हें गुरुवार को वल्र्ड की नंबर-1 और ओलंपिक चैंपियन एन से यंग ने 21-17, 21-14 से हराकर बाहर कर दिया। यंग ने सिंधु को लगातार 10वें मैच में हराया है। साउथ कोरिया की यंग ने सिंधु को पिछले हफ्ते सिंगापुर ओपन के क्वार्टर फाइनल में भी हराकर बाहर का रास्ता दिखाया था। लगातार दूसरी हार के साथ साउथ कोरियाई खिलाड़ी के खिलाफ सिंधु का रिकॉर्ड और खराब हो गया। सिंधु अब तक एन से यंग को एक भी बार नहीं हरा सकी हैं। पहला गेम में सिंधु ने एन से यंग कड़ी चुनौती दी। एक समय स्कोर 10-10 से बराबर था और भारतीय खिलाड़ी 15-14 से आगे भी निकल गई थीं।
लेकिन इसके बाद एन से यंग ने लगातार अंक बटोरते हुए बढ़त हासिल कर ली। उन्होंने 41 शॉट्स की लंबी रैली जीतने के बाद पहला गेम 21-17 से अपने नाम कर लिया। दूसरे गेम में साउथ कोरियाई खिलाड़ी ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। उन्होंने 13-6 की बढ़त हासिल की और सिंधु की वापसी की कोशिशों को नाकाम करते हुए 21-14 से गेम और मैच को अपने नाम कर लिया। शानदार कोर्ट कवरेज से जीतीं यंग एन से यंग की शानदार कोर्ट कवरेज और लगातार दबाव बनाने की क्षमता मुकाबले का निर्णायक पहलू साबित हुई। जीत के साथ वह क्वार्टर फाइनल में पहुंच गईं, जबकि सिंधु को एक बार फिर प्री-क्वार्टर फाइनल में हारकर बाहर होना पड़ा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
