सोमवती अमावस्या…चिंतपूर्णी में आस्था का सैलाब
चालीस हजार श्रद्धालुओं ने मां के दरबार नवाया शीश,सुबह तीन बजे खुले मंदिर के कपाट, रंग-बिरंगे फूलों से सजाया मां का मंदिर
स्टाफ रिपोर्टर, चिंतपूर्णी
सोमवती अमावस्या एवं संक्रांति दिवस के पावन अवसर पर सुप्रसिद्ध शक्तिपीठ माता चिंतपूर्णी के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी चहल-पहल देखने को मिल रही है। माता रानी के दर्शनों के लिए पिछले दो दिनों में 40 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दरबार में हाजिरी भरकर आशीर्वाद प्राप्त किया। सोमवार को भी लगभग 15000 से अधिक श्रद्धालुओं ने मां की पावन पवित्र पिंडी के दर्शन प्राप्त किए। मंदिर प्रशासन द्वारा शनिवार और रविवार को भीड़ होने के कारण मंदिर के कपाट सुबह 3:00 बजे खोल दिए गए। सोमवती अमावस्या एवं संक्रांति दिवस होने के कारण मंदिर को चारों तरफ से रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया था, फूलों की लडिय़ां लगाकर मंदिर खूब बढिय़ा-बड़े सुंदर सजाया गया है। मंदिर की सजावट, भव्यता, सुंदरता देखते ही बनती थी। इस सहयोग दिवस पर श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में अनेक प्रकार के भोग लगाकर मां के चरणों में अपने परिवार की कुशल मंगल व स्वास्थ्य की कामना की। मंदिर परिसर में ही श्रद्धालुओं द्वारा कंजक पूजन कर विशेष पूजा अर्चना की गई।
बाबा श्री माई दास सदन से लेकर मंदिर परिसर तक श्रद्धालुओं की काफी चहल-पहल रही। पूरा बाजार क्षेत्र श्रद्धालुओं की आवाजाही से पूरे क्षेत्र में रौनक बनी रही। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई। मंदिर में रविवार से ही भक्तों की भारी भीड़ जुटना शुरू हो गई थी, जो सोमवार को पावन पर्व पर और अधिक बढ़ गई। मंदिर में तैनात होमगार्ड व सुरक्षा कर्मचारियों द्वारा श्रद्धालुओं को मंदिर प्रशासन द्वारा बनाए गए नियमों के तहत ही दर्शन करने को लेकर जागरुक करते रहे। प्रशासन द्वारा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुराना बस स्टैंड पर वैरीगेट लगाकर श्रद्धालुओं को डबल लाइनों में व्यवस्थित कर मंदिर भेजा जा रहा है। इस महत्वपूर्ण दिवस पर श्रद्धालुओं द्वारा अनेक प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन बनाकर श्रद्धालुओं को बांटे गए। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं द्वारा मंदिर प्रशासन द्वारा संचालित सुगम दर्शन प्रणाली के तहत सुगम पास बनाकर लिफ्ट मार्ग के माध्यम से मां के सुगम दर्शन व आशीर्वाद प्राप्त किया। इसी बीच दोपहर को क्षेत्र में तेज बारिश शुरू हो गई, लेकिन मौसम के इस बदले मिजाज के बाद भी भक्तों की आस्था डिगी नहीं। श्रद्धालु भीगते हुए भी माता रानी के दरबार में हाजिरी भरने के लिए कतारों में डटे रहे और पूरा परिसर माता के जयकारों से गूंज उठा।
मुख्य पुजारी बोले, बड़ा अहम रही सोमवती अमावस्या
मंदिर के मुख्य पुजारी एवं पुजारी बारीदार सभा के प्रधान रविंद छिंदा ने बताया कि आज का दिन बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि आज के दिन सोमवती अमावस्या व संक्रांति का होना शुभ संकेत हैं, पुजारी वर्ग माता श्री चिंतपूर्णी जी के चरणों में देश-विदेश में रहने वाले लाखों श्रद्धालुओं के जीवन में सुख, समृद्धि मंगल कामना की अरदास करता है तो वहीं दूसरी तरफ मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने बताया कि इस पावन अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने मां की पावन पिंडी के दर्शन प्राप्त किए हैं। माता श्री चिंतपूर्णी जी में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना व उन्हें धरातल पर उतरना ही एकमात्र लक्ष्य है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
