सुजानपुर में आवारा कुत्तों का आतंक, पांच लोग नोचे
एक ही रात में बनाया शिकार, क्षेत्र में दहशत का माहौल, प्रशासन उठाए सख्त कदम
सिटी रिपोर्टर – सुजानपुर
सुजानपुर क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक एक बार फिर लोगों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है। रविवार रात दो पुरुषों और तीन महिलाओं को आवारा कुत्तों ने काटकर घायल कर दिया, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना ने क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। हर वर्ष बरसात और गर्मियों के मौसम में आवारा कुत्तों की समस्या विकराल रूप धारण कर लेती है। सडक़ों, गलियों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर घूमने वाले कुत्तों के झुंड राहगीरों के लिए खतरा बन चुके हैं। सबसे ज्यादा खतरा बुजुर्गों, महिलाओं और छोटे बच्चों को रहता है, जो अकसर इनका आसान शिकार बन जाते हैं।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि पिछले वर्ष बरसात के मौसम में एक आवारा कुत्ते ने लगभग 40 लोगों को काटकर घायल कर दिया था। उस समय नगर परिषद और संबंधित विभाग हरकत में आए थे तथा कुत्तों को पकडक़र उनका उपचार और टीकाकरण करवाया गया था। कुछ समय तक स्थिति नियंत्रण में रही, लेकिन अब एक बार फिर वही समस्या सिर उठाने लगी है। सुजानपुर का ऐतिहासिक चौगान, मुख्य बाजार, रिहायशी मोहल्ले और गली-कूचे भी इस खतरे से अछूते नहीं हैं। स्थानीय निवासियों का मानना है कि केवल अस्थायी कार्रवाई से समस्या का समाधान नहीं होगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों के लिए एक अलग सुरक्षित स्थान या शेल्टर बनाया जाए, जहां उन्हें रखा जा सके, साथ ही नियमित नसबंदी, टीकाकरण और निगरानी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। क्षेत्रवासियों ने सुजानपुर प्रशासन, नगर परिषद और संबंधित अधिकारियों से इस बढ़ते आतंक को रोकने के लिए ठोस और स्थायी निर्णय लेने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में और अधिक लोग आवारा कुत्तों का शिकार बन सकते हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
