बड़ा भंगाल के दर्द पर मरहम लगाएंगे सुक्खू, धर्मशाला पहुंचे सीएम, आज आपदा प्रभावित क्षेत्रों का करेंगे दौरा

By: Jun 27th, 2026 12:01 am

दिव्या हिमाचल ब्यूरो — धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू कांगड़ा जिले के अपने महत्त्वपूर्ण दौरे के लिए शुक्रवार को धर्मशाला पहुंचे, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री शनिवार 27 जून को कांगड़ा के अति दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्र बड़ा भंगाल का दौरा करेंगे। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जमीनी स्तर पर निरीक्षण करना और स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनना है।

शुक्रवार को धर्मशाला पहुंचने पर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी, उपायुक्त हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कुछ ऐसा है मुख्यमंत्री सुक्खू का आधिकारिक कार्यक्रम

आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 27 जून की सुबह बड़ा भंगाल हेलिपैड पहुंचेंगे। इसके पश्चात वह पैदल ही बड़ा भंगाल गांव के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर वहां के हालातों का जायजा लेंगे। दोपहर बाद मुख्यमंत्री अपर बड़ा भंगाल गांव में स्थित माइक्रो हाइडल प्रोजेक्ट की कार्यप्रणाली का निरीक्षण करेंगे।

शाम को वन विश्राम गृह बड़ा भंगाल के समीप एक जनसभा का आयोजन किया जाएगा, जहां सीएम सुक्खू सीधे जनता से संवाद करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे। बताया जा रहा है की मौसम पर भी मुख्यमंत्री का बड़ा बंगाल दौरा निर्भर करता है। हालांकि जिला और पुलिस प्रशासन ने अपनी टीम पूर्व योजना के आधार पर पहले ही बड़ा बंगाल रवाना कर दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App