Himachal News : CM सुक्खू बड़ा भंगाल में रात गुजारने वाले पहले मुख्यमंत्री, जनता की समस्याएं सुनीं
प्रधान कंचन बाला के निमंत्रण पर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पहुंंचे, जनता की समस्याएं सुनीं
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश के दूरदराज और दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल के इतिहास में शनिवार का दिन एक नया अध्याय जोड़ गया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार सुबह धर्मशाला से बड़ा भंगाल का रुख किया और वहां पहुंचकर न केवल स्थानीय लोगों से संवाद किया, बल्कि रात भी इसी गांव में गुजारने का ऐतिहासिक फैसला लिया। सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल के पहले ऐसे मुख्यमंत्री बन गए हैं, जिन्होंने बड़ा भंगाल में रात्रि ठहराव किया है। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने भी इस दुर्गम क्षेत्र का दौरा किया था, लेकिन वे दिन में ही वापस लौट आए थे। मुख्यमंत्री के इस ऐतिहासिक दौरे की पटकथा उस वक्त लिखी गई थी, जब धर्मशाला में पंचायत प्रधानों को शपथ दिलाई जा रही थी।
उसी दौरान बड़ा भंगाल की प्रधान कंचन बाला ने सीएम सुक्खू को अपने गांव आने का निमंत्रण दिया था, जिसे स्वीकार करते हुए उन्होंने वहां आने की हामी भरी थी। अपने वादे को पूरा करते हुए मुख्यमंत्री ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने आपदा प्रभावित इस क्षेत्र के हालात का जायजा लिया। यह दौरा सिर्फ मुख्यमंत्री की मौजूदगी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह पहला मौका है जब इतनी बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी बड़ा भंगाल पहुंचे हैं। यह क्षेत्र बैजनाथ विधानसभा के अंतर्गत आता है, इसलिए बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहे। इसके अलावा कांगड़ा के उपायुक्त हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा समेत लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस विभाग के तमाम अधिकारी व कर्मचारी भी इस दुर्गम क्षेत्र में पहुंचे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
