कांगड़ा में प्रधान-उपप्रधान शपथ 18 को, सीएम के दौरे में बड़ा बदलाव, प्रदेश के अन्य जिलों में 15 को ही होगी शपथ
सीएम सुक्खू के दौरे में बड़ा बदलाव, प्रदेश के अन्य जिलों में 15 को ही होगी शपथ
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े और राजनीतिक रूप से सबसे अहम जिला कांगड़ा में नवनिर्वाचित पंचायत प्रधानों और उपप्रधानों के शपथ ग्रहण समारोह की तारीख में बड़ा बदलाव हुआ है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू के कार्यक्रमों में हुए फेरबदल के चलते अब शपथ समारोह 15 के बजाय 18 जून को होने की संभावना है। प्रदेश के अन्य सभी जिलों में नवनिर्वाचित प्रधानों व उपप्रधानों का शपथ ग्रहण पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 जून को ही संपन्न होगा, जबकि कांगड़ा के लिए एक अलग और बड़ा आयोजन 18 जून को किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार कांगड़ा जिले का यह महाशपथ ग्रहण समारोह प्रसिद्ध दाड़ी ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। पहले मुख्यमंत्री का कांगड़ा दौरा 15 जून को प्रस्तावित था, लेकिन उनके शेड्यूल में बदलाव के कारण अब वह 18 जून को इस कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
इसके अलावा अपने इस कांगड़ा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री जिले के कई अन्य महत्त्वपूर्ण कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे। कांगड़ा जिला पंचायतों की संख्या के मामले में पूरे प्रदेश में अग्रणी है। इस बार यहां कुल 846 पंचायतों में चुनाव संपन्न हुए हैं। बताया जा रहा है कि दाड़़ी ग्राउंड में होने वाले इस समारोह में लगभग 840 पंचायतों के प्रधान और उपप्रधान एक साथ शिरकत करेंगे। इतनी संख्या में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी को देखते हुए जिला प्रशासन ने युद्ध स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। ग्राउंड में सुरक्षा व्यवस्था, विशाल पार्किंग, सुव्यवस्थित बैठने की जगह और अन्य बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए विभिन्न विभागों के बीच तेजी से समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
फिलहाल कार्यक्रम का आधिकारिक शेड्यूल जारी नहीं
अभी प्रशासन की ओर से 18 जून की आधिकारिक अधिसूचना जारी होने का इंतजार है, लेकिन प्रशासनिक अमले और संबंधित विभागों ने 18 जून के हिसाब से ही दाड़ी ग्राउंड में कार्यक्रम को सफल बनाने की रूपरेखा तैयार कर ली है। उधर, उपायुक्त कांगड़ा हेम राज बैरवा का कहना है कि सीएम के कांगड़ा प्रवास में कुछ फेरबदल हो रहा है। हालांकि अभी अधिकारिक शेडयूल जारी होना बाकी है। शपथ ग्रहण के साथ ही नई पंचायतों का कार्यकाल औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
