जनगणना में शिक्षकों की न लगाई जाए ड्यूटी
हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ जिला ऊना ने प्रदेश सरकार से उठाई मांग, छात्रों की पढ़ाई बाधित होने का दिया हवाला
स्टाफ रिपोर्टर-दौलतपुर चौक
हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ जिला ऊना ने प्रदेश सरकार से जनगणना सहित अन्य गैर-शैक्षणिक कार्यों में शिक्षकों की ड्यूटी न लगाने की मांग उठाई है। संघ का कहना है कि शिक्षकों को लगातार गैर-शैक्षणिक कार्यों में व्यस्त रखने से विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था प्रभावित होती है और इसका सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ता है। संघ के जिला अध्यक्ष शशि सैनी एवं महासचिव संजीव कुमार ने कहा कि हाल ही में संपन्न हुए पंचायती राज चुनावों के दौरान बड़ी संख्या में शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी, जिसके कारण कई विद्यालयों में नियमित शिक्षण कार्य प्रभावित हुआ। अब जनगणना जैसे व्यापक कार्य में भी शिक्षकों को लगाए जाने की संभावना है, जिससे विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों पर और अधिक असर पड़ सकता है।उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विद्यालयों में शिक्षण कार्य पूरी गति से संचालित हो रहा है तथा विद्यार्थियों के सीखने के स्तर को बेहतर बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे में शिक्षकों को लंबे समय तक गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाना शिक्षा के हित में नहीं है। संघ ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया है कि जनगणना एवं अन्य गैर-शैक्षणिक कार्यों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा शिक्षकों की सेवाएं केवल अत्यंत आवश्यक परिस्थितियों में ही ली जाएं।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए, ताकि विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था निर्बाध रूप से चलती रहे। उधर एचपीएसएलए के स्टेट मीडिया प्रभारी राजन शर्मा, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट रामकुमार, एच पी एस एल ए के प्रदेश उपाध्यक्ष विकास रत्न, ब्लॉक ऊना चेयरमैन संदीप सैनी, वित्त सचिव रामकुमार, वाइस प्रेसीडेंट संदीप धीमान,हरोली ब्लॉक वाइस चेयरमैन राजीव कुमार, राजेश बंसल, राजेश सैनी,नवीन कुमार, मुनीश भरवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने उक्त मांग का समर्थन किया है। हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ जिला ऊना ने प्रदेश सरकार से जनगणना सहित अन्य गैर-शैक्षणिक कार्यों में शिक्षकों की ड्यूटी न लगाने की मांग उठाई है।
जनगणना-2027 के लिए प्रशिक्षण शिविर शुरू
दौलतपुर चौक। जनगणना-2027 के सफल संचालन को लेकर गुरुवार को राजकीय महाविद्यालय दौलतपुर चौक में सुपरवाइजरों एवं एन्यूमरेटरों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन जनगणना अधिकारी-कम-तहसीलदार घनारी कुलताज सिंह की अगुवाई में किया गया। जबकि इस अवसर पर स्थानीय इंचार्ज नगर पंचायत सचिव बलदेव सिंह ठाकुर, जेई अंकुश कौशल सहित अन्य स्टाफ उपस्थित रहा। इस अवसर पर मास्टर ट्रेनर सुशील मल्होत्रा और शिव कुमार ने प्रशिक्षणार्थियों को जनगणना की विभिन्न प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। मास्टर ट्रेनर सुशील मल्होत्रा और शिव कुमार ने प्रशिक्षणार्थियों को डिजिटल जनगणना प्रणाली, मोबाइल एप्लीकेशन के उपयोग, डेटा संग्रहण, गृह सूचीकरण तथा आवास जनगणना से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
