ग्रामीण सडक़ों को अंतिम चरण में टेंडर प्रोसेस, विभाग ने 164 सडक़ों के निर्माण को लेटर ऑफ अवार्ड किया जारी

By: Jun 13th, 2026 12:07 am

लोक निर्माण विभाग ने 164 सडक़ों के निर्माण को लेटर ऑफ अवार्ड किया जारी

वरिष्ठ संवाददाता — शिमला

प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना चार के पहले फेज में बनने वाली सडक़ों की टेंडर प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है। लोक निर्माण विभाग ने करीब 164 सडक़ों की प्रक्रिया पूरी करते हुए लेटर ऑफ अवार्ड भी जारी कर दिया है, जबकि कुछ सडक़ों की वित्तीय मूल्यांकन चल रहा है, वहीं शेष सडक़ों के टेंडर को लेकर भी प्रक्रिया चल रही है। उम्मीद है कि लोक निर्माण विभाग इस माह तक सडक़ों के निर्माण हेतु टेंडर का प्रोसेस पूरा कर लेगा। जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत राज्य में 294 सडक़ों का निर्माण होना है। इन सडक़ों के निर्माण हेतु लोक निर्माण विभाग ने टेंडर संबंधी औपचारिकताएं पूरी करने का काम अप्रैल माह में ही आरंभ कर दिया था, लेकिन बाद में प्रदेश में पंचायती राज और शहरी निकाय चुनावों की घोषणा के चलते आदर्श आचार संहिता लग गई। नतीजतन योजना के तहत बनने वाली सडक़ों की टेंडर प्रक्रिया पर भी विभाग को विराम लगाना पड़ा। अब आचार संहिता हटने के तुरंत बाद लोक निर्माण विभाग ने अब युद्धस्तर पर प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की कवायद चलाई। लिहाजा प्रदेश के अलग-अलग विभागीय सर्कल की 164 के करीब सडक़ों के निर्माण हेतु लेटर ऑफ अवार्ड भी इश्यू कर दिया है।

पता चला है कि 44 टेंडर की वित्तीय मूल्यांकन की प्रक्रिया विभाग में चल रही है, जिसे पूरा होने के बाद आगामी औपचारिकताओं को पूरा किया जाएगा और तदोपरांत एलओए जारी होगा। जानकारी मिली है कि विभाग के मंडी सर्कल में कुल 14 टेंडर थे और सभी के एलओए जारी हो चुके हैं। इसी तरह सोलन, नाहन, पालमपुर, नूरपुर, बिलासपुर और ऊना जैसे सर्कल में भी अधिकतर टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। कुल्लू सर्कल में 39 टेंडरों में से 23 वित्तीय मूल्यांकन के चरण में हैं, जबकि 16 टेंडर तकनीकी मूल्यांकन या रीकॉल प्रक्रिया में हैं। शिमला सर्कल में 41 टेंडरों में से 30 को एलओए जारी हो चुका है, जबकि शेष की प्रक्रिया भी विभाग की ओर से निपटाई जा रही है। विभाग के रामपुर सर्कल के तहत पीएमजीएसवाई फोर के कुल 58 टेंडर लगाए गए थे, जिनमें से 17 को लेटर ऑफ अवार्ड जारी होने की सूचना है। पता चला है कि योजना के तहत निर्मित होने वाली कुछ टेंडर की प्रक्रिया अन्य कारणों के चलते रुकी हुई है। माना जा रहा है कि इस माह में विभाग प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना चार के तहत निर्मित होने वाली सडक़ों की टेंडर प्रक्रिया को पूरा कर लेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App