आज से शिमला में होगी जनगणना

By: Jun 16th, 2026 12:02 am

घर-घर पहुंचेंगे 400 से अधिक कर्मचारी, ऑनलाइन जनगणना की देंगे जानकारी

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
शहर में मकानों और आबादी के अद्यतन आंकड़े जुटाने के लिए नगर निगम शिमला मंगलवार से विशेष सर्वे अभियान शुरू करेगा। इसके तहत 400 से अधिक कर्मचारी विभिन्न वार्डों में घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। सर्वे शुरू करने से पहले कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया है। नगर निगम के अनुसार सर्वे दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में शहर के सभी मकानों, भवनों और आवासीय इकाइयों की गणना की जाएगी। इसके बाद दूसरे चरण में परिवारों और उनमें रहने वाले लोगों की संख्या से संबंधित आंकड़े जुटाए जाएंगे। अधिकारियों का कहना है कि शहर की वास्तविक आबादी, भवनों की संख्या और नागरिक सुविधाओं की जरूरतों का सही आकलन करने के लिए यह सर्वे बेहद महत्वपूर्ण है। प्राप्त आंकड़ों के आधार पर जलापूर्ति, सफाई व्यवस्था, सडक़, स्ट्रीट लाइट और अन्य शहरी सुविधाओं से जुड़ी विकास योजनाएं तैयार की जाएंगी। नगर निगम ने नागरिकों से सर्वे टीमों को सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है। निगम के अनुसार यह अभियान चरणबद्ध तरीके से सभी वार्डों में चलाया जाएगा और भविष्य में शिमला के सुनियोजित विकास के लिए आधार तैयार करेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App