मोदी राज में दुनिया भर में देश का डंका

By: Jun 16th, 2026 12:03 am

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल बोले, केंद्र सरकार की योजनाओं से बदली लोगों की जिंदगी

नगर संवाददाता-गगल
केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री स्वतंत्र प्रभार अर्जुन राम मेघवाल मंगलवार को धर्मशाला में आयोजित भाजपा के कार्यक्रम में भाग लेने के लिए विमान से गगल हवाई अड्डे पहुंचे। उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु द्विवेदी भी मौजूद रहे। गगल एयरपोर्ट पर पहुंचने पर सांसद राजीव भारद्वाज, धर्मशाला के विधायक से सुधीर शर्मा और कांगडा के विधायक पवन काजल ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि न्याय सभी तक पहुंचे, इसके लिए भारत सरकार लगातार विभिन्न योजनाओं और सुधारात्मक कदमों पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से वह हिमाचल प्रदेश के दौरे पर आए हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का व्यापक प्रभाव देशभर में देखने को मिला है। इन योजनाओं से जहां आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है, वहीं देश का मान-सम्मान वैश्विक स्तर पर बढ़ा है और राष्ट्रीय सुरक्षा भी सुदृढ़ हुई है। उन्होंने बताया कि इन्हीं विषयों को लेकर भाजपा द्वारा धर्मशाला में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया है। केंद्रीय मंत्री के गगल आगमन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App