संविधान पर सीधा हमला था आपातकाल, पीएम मोदी ने 25 जून 1975 को बताया लोकतंत्र का काला अध्याय

By: Jun 26th, 2026 12:01 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

पीएम नरेंद्र मोदी ने आपातकाल को संविधान पर सीधा हमला बताते हुए उन सभी लोगों को श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने उस समय लोकतांत्रिक मूल्यों की दृढ़तापूर्वक रक्षा की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आपातकाल की बरसी पर 25 जून, 1975 को भारतीय लोकतंत्र का ‘सबसे काला अध्याय’ बताते हुए कहा कि उस दौर में संविधान की भावना को कुचल दिया गया था और देश के लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला किया गया था। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी अपने संदेश में कहा कि आपातकाल के दौरान लाखों लोगों के मौलिक अधिकार छीन लिए गए थे। उन्होंने कहा कि उस समय प्रेस की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाया गया, न्यायपालिका को दबाने का प्रयास हुआ और लोकतंत्र को बंधक बनाकर रखा गया।

श्री मोदी ने गुरुवार को देशभर में मनाए जाने वाले संविधान हत्या दिवस का उल्लेख करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट में कहा कि आज, हम उन सभी लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं जिन्होंने भारत के इतिहास के सबसे अंधकारमय अध्यायों में से एक, आपातकाल, के दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों की दृढ़तापूर्वक रक्षा की। आपातकाल हमारे संविधान पर सीधा आघात था। इस दौरान नागरिक स्वतंत्रताओं का निलंबन, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध, राजनीतिक नेताओं, पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारियां तथा उन संस्थाओं पर प्रहार देखने को मिला जो हमारे लोकतंत्र की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि इसने असंख्य नागरिकों के असाधारण साहस को भी उजागर किया, जिन्होंने मौन रहने से इनकार किया और संविधान में निहित आदर्शों को बनाए रखा।

आवाज उठाने वालों का संघर्ष नहीं भूल सकते

प्रधानमंत्री ने कहा कि 25 जून, 1975 का वह दिन भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में एक काला अध्याय है। उस समय सत्ता में बैठी कांग्रेस सरकार ने संविधान की भावना को ताक पर रखकर देश पर आपातकाल थोप दिया था। उन्होंने कहा कि देश के लोग कभी भी उन लोगों के संघर्ष और बलिदान को नहीं भूल सकते, जिन्होंने आपातकाल के खिलाफ आवाज उठाई थी। प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि आपातकाल केवल एक राजनीतिक फैसला नहीं था, बल्कि यह संविधान की मूल भावना-न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व-पर सीधा हमला था। उन्होंने देशवासियों से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव सतर्क रहने का आह्वान किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App