छुट्टी की खुशी 24 घंटे भी नहीं चली, वायरल मैसेज ने कर्मचारियों के सपनों पर लगाया ब्रेक!
मुकेश संगर – चंडीगढ़
यूटी कर्मचारियों के व्हाट्सऐप ग्रुप्स में उस समय खुशी की लहर दौड़ गई जब एक एडिटेड नोटिफिकेशन वायरल हुआ, जिसमें कल शुक्रवार को मुहर्रम पर छुट्टी होने का दावा किया गया। अपने फोन पर कल छुट्टी का नोटिफिकेशन का मैसेज आते ही कई कर्मचारियों ने तुरंत लंबा वीकेंड देखकर प्लानिंग मोड ऑन कर दिया। कुछ ने परिवार के साथ घूमने का कार्यक्रम बना लिया, कुछ ने होटल देखने शुरू कर दिए, तो कुछ ने मन ही मन तय कर लिया कि “अब सोमवार तक ऑफिस का नाम नहीं लेंगे।” कारण भी मजबूत था, कल के बाद शनिवार और रविवार, ऊपर से सोमवार को भी छुट्टी की उम्मीद!
लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आया जब यूटी प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से पुष्टि की गई। अधिकारियों ने साफ कर दिया कि वायरल संदेश पूरी तरह फर्जी है और कल केवल आरएच ही रहेगी। सच्चाई सामने आते ही कई कर्मचारियों के चेहरे ऐसे हो गए जैसे ट्रेन प्लेटफॉर्म से निकल चुकी हो और टिकट अभी हाथ में आया हो। एक कर्मचारी ने मजाक में कहा, “बैग पैक कर लिया था, अब फिर से लैपटॉप चार्ज करना पड़ेगा।” दूसरे ने कहा, “व्हाट्सऐप यूनिवर्सिटी से डिग्री लेने का यही नतीजा है!” फिलहाल, कर्मचारियों को सलाह दी जा रही है कि छुट्टी की प्लानिंग से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन जरूर चेक करें, वरना वीकेंड ट्रिप की जगह ऑफिस ट्रिप हो सकती है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
