जिसकी कप्तानी में एक भी सीरीज नहीं हारी, वही टीम से बाहर, क्या संन्यास लेंगे सूर्यकुमार?
एजेंसियां—मुंबई
आयरलैंड, इंग्लैंड और एशियन गेम्स में सूर्यकुमार यादव को जगह न मिलने से क्रिकेट जगत में एक नई चर्चा छिड़ गई है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या भारत को टी-20 विश्वकप जिताने वाले सूर्यकुमार यादव का क्रिकेट कैरियर खत्म हो गया है? क्या वह अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लेंगे? टी-20 टीम में सूर्यकुमार यादव को जगह न मिलने से ऐसी अटकलें तेज हो गई हैं। हाल ही में हुए आईपीएल-2026 के सीजन में भी सूर्या का बल्ला खामोश ही रहा। वह पिछले कई दिनों से खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। हालांकि इक्का-दुक्का मैच में उन्होंने रन बनाए हैं, लेकिन चयनकर्ताओं की नजर में यह काफी नहीं। वनडे टीम से तो सूर्यकुमार यादव की जगह पहले ही जा चुकी है। टेस्ट मैच वह खेलते नहीं। उनके पास सिर्फ एकमात्र फॉर्मेट टी-20 था, लेकिन वह भी उनके हाथ से फिसल गया है। अब देखना होगा कि सूर्यकुमार यादव संन्यास लेते हैं या अपनी परफॉर्मेंस में सुधार कर टीम में जगह बनाने का प्रयास करते हैं।
सूर्यकुमार यादव ने टी20 कप्तान के तौर पर शानदार सफलता हासिल की है। सूर्यकुमार ने 52 टी20 इंटरनेशनल मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी की, जिसमें टीम ने 40 मुकाबलों में जीत हासिल की, जबकि 8 मुकाबले हारे। सूर्या की कप्तानी में भारतीय टीम एक भी सीरीज नहीं हारी है। बता दें कि बीसीसीआई ने श्रेयस अय्यर को भारतीय टी-20 टीम का नया कप्तान बनाया है। साथ ही युवा आतिशी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भी राष्ट्रीय टीम में शामिल किया है। चयनकर्ताओं ने शनिवार को आयरलैंड, इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली आगामी टी-20 सीरीज के साथ एशियाई खेल के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी। श्रेयस अय्यर को टी-20 का नया कप्तान बनाया गया है। तिलक वर्मा उपकप्तान होंगे। इसके अलावा 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को पहली बार राष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया है। उन्हें तीनों टीमों में जगह मिली है। टीम में हर्षित राणा की भी वापसी हुई है, जिन्होंने आखिरी बार इस साल फरवरी की शुरुआत में कोई प्रतिस्पर्धी मैच खेला है।
आयरलैंड के खिलाफ भारतीय टी-20 टीम—श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और वैभव सूर्यवंशी।
इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय टी-20 टीम—श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, ईशान किशन, हर्षित राणा, वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव और वैभव सूर्यवंशी।
एशियाई गेम्स के लिए टीम—श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन, वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती और वैभव सूर्यवंशी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
