जनादेश स्वीकार करे प्रदेश सरकार, जयराम का दावा, विधानसभा चुनाव में होगा कांग्रेस का सफाया
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — मंडी
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने द्रंग विधानसभा क्षेत्र के स्नोर मंडल के नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों, पंचायत समिति सदस्यों, प्रधानों, उप.प्रधानों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्त्वपूर्ण सांगठनिक बैठक की। इस अवसर पर नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि जनता ने जो विश्वास आप पर जताया है, उसे पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ निभाते हुए अपने-अपने क्षेत्रों के विकास को नई गति दें। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तरह अडिय़ल रुख अपनाए हुए है और अपनी करारी हार स्वीकार करने के बजाय लगातार झूठ का सहारा लेकर आंकड़े छिपा रही है।
उन्होंने कहा कि पहले स्थानीय निकाय चुनावों में हार के बाद मुख्यमंत्री ने झूठे आंकड़े पेश किए, फिर पंचायत चुनावों में 2400 प्रधानों की जीत का सफेद झूठ बोला। इसके बाद जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में भी कांग्रेस ने अपनी हार छिपाई।
पंचायत चुनावों में बीजेपी समर्थित उम्मीदवारों की जीत
कुल्लू — हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनाव में जो उम्मीदवार जीत कर आए हैं। उनमें 70 प्रतिशथ भाजपा समर्थित है और जनता ने यह जता दिया है कि वह कांग्रेस सरकार की गलत नीतियों से नाराज है और वह भाजपा के साथ चलने को तैयार है। ढालपुर में जिला कुल्लू भाजपा के द्वारा आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पहले पंचायती राज चुनावों को टालने की कोशिश की, लेकिन वे अदालत में हार गए। उसके बाद अभी भी वे बीडीसी व जिला परिषद अध्यक्ष के चुनावों की तारीख को टाल रहे हैं। क्योंकि कांग्रेस को पता है कि उनके न तो बीडीसी के अध्यक्ष बन पा रहे हैं और न ही जिला परिषद, नगर पंचायत और नगर परिषद में उनको सत्ता मिल रही है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि अब मुख्यमंत्री द्वारा पंचायत प्रतिनिधियों की शपथ का कार्यक्रम शिमला में रखा गया है। उससे भी प्रदेश पर आर्थिक संकट बढ़ेगा, क्योंकि उसके लिए सरकार को ही सारी व्यवस्था करनी होती है। जयराम ठाकुर ने कहा कि इसके अलावा प्रदेश में भारी राज्यों के वाहनों पर जो एंट्री टैक्स लगाया गया है। उससे प्रदेश का बहुत अधिक नुकसान हो रहा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
