राहगीरों को रोक-रोक कर पिलाया मीठा पानी
छोटी काशी में निर्जला एकादशी पर छबीलों से बुझी हजारों कंठों की प्यास
कार्यालय संवाददाता-मंडी
मंडी देवभूमि की सांस्कृतिक राजधानी और छोटी काशी मंडी के नाम से विख्यात मंडी शहर में निर्जला एकादशी का पर्व अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और सेवा भावना के साथ मनाया गया। चिलचिलाती धूप और प्रचंड गर्मी के बीच पुण्य कमाने की चाह में पूरा जिला सेवादारों के रंग में रंगा नजर आया। मंडी शहर के ऐतिहासिक इंदिरा मार्केट की छत, समखेतर, नजदीक गल्र्ज स्कूल मंडी सहित जिला के लगभग सभी प्रमुख बाजारों और चौराहों पर स्थानीय लोगों व विभिन्न संस्थाओं द्वारा विशाल छबीलों (मीठे पानी के स्टॉल) का आयोजन किया गया। सुबह से ही छबील के आयोजकों ने न केवल पैदल चल रहे राहगीरों को, बल्कि सडक़ों पर गुजरने वाली गाडिय़ों, बसों और दोपहिया वाहनों को बकायदा रोक.रोक कर श्रद्धापूर्वक ठंडा व मीठा जल पिलाया। चिलचिलाती धूप में सफर कर रहे यात्रियों के लिए यह सेवा किसी संजीवनी से कम नहीं थी। दोपहर होते-होते छबीलों पर हजारों की संख्या में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस पावन अवसर पर केवल मीठे पानी की ही बौछार नहीं हुई, बल्कि कई स्थानों पर भव्य भंडारे और प्रसाद वितरण का भी आयोजन किया गया। श्रद्धा के साथ लोगों को देसी घी का हलवा और काले चने का प्रसाद वितरित किया गया।
टीहरा में लगाई छबील
अवाहदेवी। निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर टीहरा बाजार में स्थानीय लोगों एवं व्यापारियों के सहयोग से छबील का आयोजन किया गया। इस दौरान राहगीरों, वाहन चालकों तथा बाजार में आने वाले लोगों को शीतल जल एवं जलपान वितरित कर गर्मी से राहत प्रदान की गई। आयोजन में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, व्यापारियों और युवाओं ने बढ़-चढक़र भाग लिया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
