निर्जल एकादशी पर हजारों लोगों के गले हुए तर
स्टाफ रिपोर्टर – हमीरपुर
निर्जल एकादशी के पर्व हमीरपुर जिला में काफी उत्साह के साथ मनाया गया। पुण्य कमाने के लिए लोगों ने जगह-जगह पर पानी की छबीलें लगाई तो हमीरपुर के अस्पताल चौक पर भंडारे का आयोजन किया गया। विशाल भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने के लिए हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर तीन बजे तक लोगों की भीड़ भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने के लिए उमड़ी रही। इसके साथ ही कई जगहों पर फलों के भंडारे लगाए गए। तरबूज के भंडारे कई जगहों पर लगे हुए देखने को मिले। मीठे पानी की छबीलों का तो कोई अंत ही नहीं था। लगभग जिला के सभी बाजारों में निर्जला एकादशी के अवसर पर मीठे पानी की छबीलें लगाई गई थीं। निर्जला एकादशी की पूर्व संध्या पर कई बाजारों में पिपलू मेले का शुभारंभ किया गया। जिला में कई बाजारों में मेले आयोजित हुए। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत पट्टा के पट्टा बाजार में बुधवार रात को पीपलू मेले का शुभारंभ टमक बजाकर किया गया। पंचायत प्रधान सविता मिन्हास तथा उपप्रधान दिनेश ठाकुर ने टमक बजाने की परंपरा को निभाया। गुरुवार को बाजार में मेले का आयोजन किया।
प्यासे को पानी पिलाना ही सबसे बड़ा परोपकार
हिंदू धर्म के अनुरूप दान को सर्वश्रेष्ठ माना गया है। ज्येष्ठ महीने की चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी में किसी प्यासे को ठंडा-मीठा पानी पिलाना सबसे बड़ा परोपकार माना गया है। शास्त्रों के अनुसार निर्जला एकादशी पर जल से भरा कलश या मीठे पानी की छबील दान करने से व्यक्ति को अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है और समस्त पापों से मुक्ति मिलती है। यही कारण है कि निर्जला एकादशी पर मीठे पानी की छबीलें लगाई जाती है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
